जानिए क्या कहती हैं 8 पुलिसकर्मियों के हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की मां सरला

UP

(www.arya-tv.com) कानपुर में एक सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार हुए हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के भाई दीपू के कृष्णानगर स्थित आवास पर जब पुलिस ने दबिश दी तो वहां उसकी मां सरला देवी भी मिली। सरला देवी ने दो टूक कहा कि उनका बेटा अपराधी है। उसे बहुत समझाया कि यह रास्ता छोड़ दो लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी।

लॉकडाउन के पहले उससे मुलाकात हुई थी। वह अपने पत्नी व बच्चों के साथ दूसरे घर में रहता है। वह बीमार रहती हैं। उन्हें इस बात का दुख है कि बेटे की वजह से उनके पूरे परिवार की बदनामी होती है। मां सरला ने कहा कि घर का एक लड़का भी खराब निकल जाये तो पूरे परिवार का सत्यानाश हो जाता है। उनके परिवार के साथ भी ऐसा ही हो रहा है।

प्रधान बहू की तारीफ की
सरला ने बताया कि उनके एक बेटे की मौत हो चुकी है। छोटे बेटे दीपू की पत्नी अंजली प्रधान है। वह बकेरू गांव में 10 साल से प्रधानी कर रही है। उसके काम से खुश होकर राष्ट्रपति अब्दुल कलाम भी दिल्ली में अंजली को पुरस्कृत कर चुके हैं। अंजली की उन्होंने खूब तारीफ की। मां सरला ने इस बात से इनकार किया कि उन्हें कानपुर की घटना के बारे में कुछ मालूम है। उन्होंने कहा कि टीवी देखकर सुबह बहू ने ही इस बारे में बताया। अंजली के पति दीपू किसान है।