कांग्रेस 26 जनवरी से संविधान बचाओ पद यात्रा निकालेगी :कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में ऐलान

National

(www.arya-tv.com) कर्नाटक के बेलगावी में गुरुवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हुई जिसमें 26 जनवरी 2025 से ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ शुरू करने का फैसला लिया गया।

बैठक के पहले दिन मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने स्पीच दी। सोनिया गांधी अधिवेशन में शामिल नहीं हुईं, लेकिन उन्होंने पत्र के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक के बाद पार्टी नेता जयराम रमेश ने बताया, ‘हमारा मानना ​​है कि भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को संजीवनी दी थी। इससे कांग्रेस की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया था। हमने भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी निकाली। अब 26 जनवरी से हम एक साल तक चलने वाली ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ शुरू करेंगे।’

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘कांग्रेस दिसंबर 2024 से जनवरी 2026 तक लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाएगी और जय बापू, जय भीम, जय संविधान, राजनीतिक अभियान शुरू करेगी।

हालांकि, दो दिन का अधिवेशन पहले दिन ही रद्द कर दिया गया है। बुधवार शाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते सभी दिग्गज नेता दिल्ली रवाना हो गए हैं।

राहुल बोले- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुछ तो गड़बड़ है

  • राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाए हैं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, राहुल ने कहा- ‘महाराष्ट्र की 118 सीटों पर 72 लाख मतदाता 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जोड़े गए, जिनमें से 102 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इससे साफ है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है।’
  • अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- भाजपा सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करना चाहती है। हम लड़ाई लड़ते रहेंगे। चुनावी प्रक्रिया में लोगों का विश्वास धीरे-धीरे कम हो रहा है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। यह सरकार चुनाव नियमों में बदलाव करके क्या छिपाने की कोशिश कर रही है, जिसे साझा करने का आदेश अदालत ने दिया है। कभी वोटर्स का नाम सूची से काटा जाता है, कभी उनको वोट डालने से रोका जाता है, कभी वोटर लिस्ट में अचानक वोटर्स बढ़ जाते हैं, कभी वोट डालने के लास्ट टाइम में वोट पर्सेंट अप्रत्याशित तरीके से बढ़ जाता है। ये कुछ सवाल हैं, जिनका संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
  • सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि देश की सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत को खतरा है। महात्मा गांधी वह व्यक्ति थे, जिन्होंने उस समय के सभी बड़े नेताओं को तैयार किया और उनका मार्गदर्शन किया। इन संगठनों ने कभी भी हमारी आजादी के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। उन्होंने महात्मा गांधी का विरोध किया और उनके खिलाफ माहौल बनाया, जिसके कारण उनकी हत्या हुई। वे बापू के हत्यारे का महिमामंडन करते हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी CWC की बैठक में नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने पत्र के माध्यम से अपनी बात कही।

भाजपा का आरोप- कांग्रेस के पोस्टर में भारत का गलत नक्शा

BJP के IT सेल के हेड अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गलत नक्शे की तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि कांग्रेस ने अपने सभी होर्डिंग्स पर भारत का बिगड़ा हुआ नक्शा लगाया है, साथ ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित अन्य की तस्वीरें भी लगाई हैं, जिसमें कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है।

भाजपा सांसद बोले- कांग्रेस भारत को तोड़ने वालों के साथ

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, आज एक तस्वीर सामने आई है जो दिल को दुखाती है। बेलगावी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भारत का जो मैप लगाया है, उसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर और अक्साई चिन नहीं है। वे पहले भी ऐसी हरकतें कर चुके हैं। अब यह साफ हो गया है कि जो ताकतें भारत को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं, उनके साथ कांग्रेस का संबंध अब स्पष्ट हो गया है।

कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन

बेलगावी में 26 दिसंबर से कांग्रेस का दो दिन चलने वाला अधिवेशन शुरू हो गया। ये अधिवेशन 1924 में हुए कांग्रेस के 39वें अधिवेशन के 100 साल पूरे होने के मौके पर रखा गया है। 26 और 27 दिसंबर 1924 को बेलगावी में ही कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन हुआ था। यह पहला और आखिरी अधिवेशन था जिसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी ने की थी। इसी अधिवेशन में उन्हें पार्टी अध्यक्ष भी चुना गया था।

अधिवेशन में क्या-क्या होगा-

26 दिसंबर: पहला दिन

  • दोपहर 2:30 बजे कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक होगी। इसमें अगले साल के लिए कांग्रेस की कार्य योजना और कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी और दो प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। बैठक में भाजपा सरकार के तहत देश को जिन बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, उन पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भवन के परिसर में गांधी जी की कांस्य की नई प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे।

27 दिसंबर: दूसरा दिन

  • CPED ग्राउंड में सुबह 11:30 बजे रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली को ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ नाम दिया गया है।