पार्टी के हारे हुए प्रत्याशियों का फीडबैक लेंगे JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह

# ## National

(www.arya-tv.com) बिहार विधानसभा 2020 में JDU के खराब प्रदर्शन को लेकर आज राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह समीक्षा बैठक करेंगे। शनिवार और रविवार को होने वाली इस बैठक में ललन सिंह उन तमाम पहलुओं से रुबरू होंगे, जिसकी वजह से विधानसभा चुनाव में पार्टी की इतनी बड़ी हार हुई है।

इस समीक्षा बैठक में बिहार के प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा बिहार विधानसभा 2020 में हारे हुए प्रत्याशी और विधायक, पूर्व विधायकों के साथ ललन सिंह बैठक करेंगे। उनसे जानेंगे कि कभी राज्य की नंबर वन पार्टी आखिर तीसरे नंबर पर कैसे खिसक गई।

इस समीक्षा बैठक में आज प्रमंडलवार समीक्षा बैठक में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास के नेताओं को बुलाया गया है।

कल दूसरे चरण की समीक्षा बैठक में सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, नवादा, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल के विधायकों और पूर्व प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया है।

RCP सिंह भी इससे पहले कई बार पार्टी की समीक्षा कर चुके हैं
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह भी इससे पहले कई बार पार्टी की समीक्षा कर चुके हैं। उन्होंने ही अपने संगठन में कई फेरबदल करते हुए पुराने नेताओं को हटाकर नए नेताओं को जगह दी थी। ललन सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं तो संगठन को बारीक नजर से देख रहे हैं।

ललन सिंह ने संगठन में कई बदलाव किए हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद भी और कई बदलाव हो सकते हैं। ललन सिंह लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में लगे हैं। ललन सिंह उन पहलुओं के तलाश में है कि पार्टी से कहां गड़बड़ी हुई है और पार्टी के अंदर की गुटबाजी ने पार्टी को कितना नुकसान पहुंचाया है?

JDU की 72 सीटों पर करारी हार हुई थी
JDU के एक नेता के मुताबिक ललन सिंह लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं की पार्टी को कैसे अपने पुराने दौर में ले जाया जाए। JDU लगातार विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करती आ रही थी, अचानक बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में ऐसी स्थिति कैसे हो गई?

इन पहलुओं पर बारीक तरीके से जांच कर रहे हैं। साथ ही ललन पार्टी के अंदर पनप रही उस पर गुटबाजी पर भी नजर रख रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि खराब हुई है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में JDU ने 115 उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें मात्र 43 ही जीत पाए थे। JDU की 72 सीटों पर करारी हार हुई थी।