दयानन्द वैदिक कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारम्भ संस्कार आयोजित

Lucknow

शहर के प्रतिष्ठित दयानन्द वैदिक कॉलेज में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं हेतु दीक्षारम्भ संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश चन्द्र पाण्डेय ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात संगीत विभाग की छात्राओं ने मधुर स्वर में माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के आरम्भ में छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए नैक के उप-संयोजक एवं बी.एड. विभाग के प्रभारी डॉ. राजेश पालीवाल ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना में अमूल्य योगदान देने वाले मनीषियों का पुण्यस्मरण करते हुए विद्यार्थियों को इसकी समृद्ध परंपराओं से परिचित कराया। साथ ही उन्होंने वर्तमान में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।

महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. गौरव यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को महाविद्यालय द्वारा निर्धारित ड्रेस-कोड का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का ध्यान रखते हुए नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था का पालन करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश चन्द्र पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जुड़कर संस्कारवान बनने तथा भारत को विश्वगुरु बनाने में अपना अमूल्य योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में उच्चकोटि के शिक्षक उपलब्ध हैं और विद्यार्थियों को उनके मार्गदर्शन का लाभ उठाते हुए परिश्रम एवं लगन के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होना चाहिए। अपने उद्बोधन के अंत में प्राचार्य ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को दीक्षा-मंत्र देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की अनन्त शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के प्रति भी जागरूक किया गया तथा उन्हें छात्रवृत्ति संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी गई कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधुरी रावत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. श्रवण त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान, डॉ. विजय चौधरी, डॉ. हर्ष गर्ग, डॉ. सुरेंद्र मोहन यादव, डॉ. सर्वेश शांडिल्य, डॉ. श्रीप्रकाश, डॉ. ज्ञानेंद्र मोहन बसेड़िया, डॉ. गिरीश श्रीवास्तव, डॉ. रवि प्रकाश, श्री विजयवर्धन, सुश्री शुभप्रिया, डॉ. शगुफ्ता मिर्जा सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।