इंडिगो ने शुरू की बुकिंग, आगरा से भोपाल और मुंबई का हवाई किराया तय

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) ताजनगरी से अब मुंबई, बेंगलुरु, भोपाल जाना होगा आसान। हवाई जहाज से सिर्फ 2523 रुपये में भोपाल और 4218 रुपये में मुंबई का सफर तय कर सकेंगे। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। एक तथ्‍य यह भी दीगर है कि टिकट की यह दरें एडवांस बुकिंग कराने पर लागू होंगी क्‍योंकि मार्च में फ्लाइट शुरू होने के समय की टिकट लगभग सात हजार रुपये प्रति व्‍यक्ति है।

28 मार्च से इंडिगो भोपाल और बेंगलुरु के लिए अपनी हवाई उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। इसके अलगे ही दिन से मुंबई के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। भोपाल और बेंगलुरु के लिए हर रोज तथा मुंबई के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ान होगी।

तय शेड्यूल के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट सुबह 10.50 बजे मुंबई से आगरा के लिए उड़ान भरेगी। दोपहर 12.55 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। आधा घंटे बाद दोपहर 1.25 बजे खेरिया हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना होगी।

जोकि तीसरे पहर 3.35 बजे मुंबई पहुंचेगी। यह फ्लाइट सोमवार, बुधवार और शनिवार को होगी। 28 मार्च से बेंगलुरु-आगरा के बीच शुरू होने वाली फ्लाइट दोपहर 11.15 बजे बेंगलुरु से आगरा के लिए उड़ान भरेगी। दोपहर 1.40 बजे आएगी फिर दोपहर 2.10 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। यह उड़ान तीसरे पहर 4.45 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।

मुंबई का किराया 4218 रुपये, भोपाल का किराया 2523 रुपये, बेंगलुरु का किराया 4379 रुपये है। इन उड़ानों को लेकर शहरवासी ही नहीं, पर्यटन जगत में काफी उत्साह है। उनका कहना है कि देश के प्रमुख शहरों के लिए आगरा से हवाई उड़ान शुरू होने से पर्यटन को काफी लाभ होगा। पर्यटन संस्थाओं के पदाधिकारियों ने इन शहरों के अलावा दूसरे अन्य शहरों के लिए भी जल्द हवाई सेवा शुरू करने की मांग की है।