लखनऊ/प्रतापगढ़। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति दुनिया की सर्वश्रेष्ठ शिक्षा प्रणाली है। इसमें भारतीय संस्कृति, संस्कार और रोजगारपरक शिक्षा का समावेश किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं तथा हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
- शिक्षा के विकास में योगदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य
उपाध्यायपुर, पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण परियोजना के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सीएसआर निधि के माध्यम से किया गया योगदान ज्ञान के प्रकाश को दूर-दराज तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए किया गया दान समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा पुण्य कार्य है तथा इससे दानदाता का भी विकास होता है।
- प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में आया बड़ा बदलाव
डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गुणवत्तापरक शिक्षा, नकलविहीन परीक्षा, सुखी मन शिक्षक और तनावमुक्त विद्यार्थी के चार सूत्रों पर कार्य किया गया। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ और नकल माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगा। उन्होंने कहा कि पहले जहां सरकारी विद्यालयों से लोग दूरी बनाते थे, वहीं आज इनमें प्रवेश के लिए अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई देता है।
- सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा का विस्तार
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में तकनीकी संसाधनों के उपयोग से शिक्षण व्यवस्था में बड़ा सुधार आया है। शिक्षक आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। नई शिक्षा नीति ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक नई दिशा दी है, जिससे विद्यार्थियों को नैतिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक शिक्षा का लाभ एक साथ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर खोले हैं।
- अनेक गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, पूर्व विधायक नीरज ओझा, ओम प्रकाश तिवारी, डॉ. राम बोध पांडे, गिरधारी सिंह, स्वामीनाथ शुक्ला, मोती सिंह के प्रतिनिधि विनोद पांडे, एसपी मिश्रा सेनानी, सोमा घोष, ज्ञान प्रकाश सिंह, एस.के. पाण्डेय, डॉ. राकेश सिंह, सुशील कुमार, कृपा शंकर तिवारी, आलोक रंजन तिवारी, विवेक मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह तथा प्रभात त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
