अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल, नीरज एंटनी की जीत

International

वाशिंगटन।(www.arya-tv.com) भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सांसद राजा कृष्णमूर्ति लगातार तीसरी बार अमेरिकी कांग्रेस के निम्न सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए चुन लिए गए हैं। नयी दिल्ली में जन्मे 47 वर्षीय कृष्णमूर्ति ने आसानी से लिबरटेरियन पार्टी उम्मीदवार प्रेस्टन नेल्सन को हरा दिया।

अंतिम सूचना मिलने तक उन्हें कुल गिने गए मतों के करीब 71 प्रतिशत मत मिल चुके हैं। कृष्णमूर्ति के माता-पिता तमिलनाडु के रहने वाले हैं और वह 2016 में पहली बार अमेरिकी संसद के निम्न सदन के सदस्य चुने गए थे। भारतीय मूल की अमेरिकी कांग्रेस (संसद) सदस्य प्रमिला जयपाल हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुई हैं।

चेन्नई में जन्मी 55 वर्षीय जयपाल डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार थीं और उन्होंने वाशिंगटन राज्य के सातवें कांग्रेस निर्वाचन क्षेत्र से रिपब्लिक पार्टी के क्रेग केल्लर को भारी 70 प्रतिशत मतों से मात दी है। वर्ष 2016 मे वह पहली भारतीय मूल की महिला थीं जो हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए निर्वाचित हुईं।

वहीं नीरज एंटनी ओहायो से सीनेट चुने गए पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। एंटनी ने कहा, ‘मैं इस समुदाय के निरंतर समर्थन के लिए बहुत आभारी हूं, जिसमें मैंने जन्म लिया और पला-बढ़ा। राजनीतिशास्त्र में स्नातक एंटनी 24 साल की उम्र में 2014 में ओहायो प्रतिनिधिसभा के लिए चुने गए थे। एंटनी के माता-पिता 1987 में अमेरिका आए थे।