गोरखपुर में हादसे के बाद इंडियन ऑयल का प्लांट बंद, अध‍िकार‍ियों का ने बताई ये बात

Gorakhpur Zone UP

(www.arya-tv.com) गीडा के इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर 15 में इंडियन ऑयल के बाटलिंग प्लांट में गार्ड रूम का गेट टूटकर सिक्योरिटी सुपरवाइजर पर गिर गया। हादसे में सुपरवाइजर की मौत हो गई है। नाराज कर्मचारियों ने काम रोक दिया। इससे प्लांट में सिलेंडर रिफिल होना बंद हो गया है। होली के पहले प्लांट बंद होने से रसोई गैस सिलेंडर की कमी होनी तय है। गीडा प्लांट से 17 जिलों को सिलेंडर की आपूर्ति होती है। हलांक‍ि अध‍िकार‍ियों ने दावा क‍िया है क‍ि बुधवार से स्‍थ‍ित‍ि सामान्‍य हो जाएगी।

ऐसे हुआ हादसा

नेतवार पट्टी निवासी 55 वर्षीय दीनानाथ यादव पुत्र दूबर यादव सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद इंडियन ऑयल के बाटलिंग प्लांट में दो वर्षो से सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार की रात सुरक्षा केबिन का गेट खोलते समय गेट टूटकर उनके उपर गिर गया।

इससे वह घायल हो गये। इंडियन ऑयल के बाटलिंग प्लांट के कर्मचारी तत्काल उन्हें इलाज के लिए सैनिक हास्पिटल गोरखपुर लेकर गये। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। मृतक के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। एक लड़के और एक लड़की की शादी हो चुकी है। सुपरवाइजर की मौत के बाद कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इससे बाटलिंग प्लांट में उत्पादन ठप हो गया है।

प्लांट में हो गया था जलभराव

बारिश के मौसम में इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट में जलभराव हो गया था। इस कारण कई दिनों तक रिफिलिंग ठप हो गई थी। लखनऊ और वाराणसी से आपूर्ति दी जाती थी।

प्लांट में दुखद हादसे के बाद एक दिन के लिए रिफिलिंग को बंद किया गया है। बुधवार से प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ चलेगा। सभी डिस्ट्रीब्यूटर के पास पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। – सर्वजीत सिंह, मीडिया प्रभारी इंडियन आयल।