पीएम को लेकर विवादित बयान पर ऐक्शन में भारत, दिल्ली में मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया

# ## National

(www.arya-tv.com) पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर भारत मालदीव पर किसी भी तरह से नरमी के मूड में नहीं है। मालदीव में आधिकारिक विरोध दर्ज कराने के बाद भारत ने अब दिल्ली में मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया है।

इसके बाद मालदीव के उच्चायुक्त सोमवार सुबह साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय के ऑफिस पहुंचे। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि भारत ने इस पूरे विवाद को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।

इससे पहले पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर मालदीव ने नरमी दिखाई थी। मालदीव ने विवादित बयान से जुड़े तीन मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया था।

माले में भारतीय उच्चायोग ने उठाया था मामला

इससे पहले माले में भारतीय उच्चायोग ने भी रविवार को मामले को मालदीव सरकार के समक्ष उठाया था। इसके बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर सफाई दी।

मालदीव सरकार का कहना था कि इस मामले में दिए गए बयान मंत्रियों के व्यक्तिगत बयान है। सरकार का इस मामले से कोई संबंध नहीं है। वहीं, इस संबंध में द्वीपीय देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं ने भी अपनी सरकार की आलोचना की।