मायके आई बेटी का मंगलसूत्र छीनकर भागे बदमाश:मेरठ में घर से बाहर टहल रही थी

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com) मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में बेटी का मायके में मंगलसूत्र लुट गया। बच्चों की छुट्टियां मनाने बेटी मायके आई थी। शाम को खाना खाने के बाद मां के साथ टहल रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए और बेटी के गले से मंगल सूत्र छीनकर भाग गए। घटना पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर होने से पुलिस सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मां के साथ घूमते वक्त हुई वारदात
ये वारदात भी तब हुई जब मायके आई बेटी अपनी मां के साथ घूम रही थी। जागृति विहार सेक्टर-3 निवासी राजेंद्र सिंह रावत प्राइवेट जॉब करते हैं। राजेंद्र की बहन इंदु सप्ताह भर पहले मेरठ अपने मायके बच्चों की छुटि्टयों में रहने आई है। रविवार रात 8 बजे इंदु अपनी मां पार्वती और 13 साल की बेटी मनस्वी के साथ घर के बाहर खाना खाने के बाद घूम रही थी। इंदु की भाभी लीला ने बताया कि रोजाना की तरह डिनर के बाद बाहर घूम रहे थे। तभी चौकी से चंद कदम की दूरी पर पीछे से दो बाइक सवार आए और मंगल सूत्र छीनकर ले गए।

फेस कवर करके आए थे लुटेरे
लीला ने बताया कि बाइक पर दो युवक पीछे से आए थे। जो लड़का बाइक चला रहा था उसने हेलमेट लगाया था। जबकि पीछे बैठे लड़के ने कैप और मास्क से चेहरा कवर किया था। पीछे बैठे लड़के ने अचानक इंदु के गले में हाथ मारा और मंगलसूत्र छीनकर बाइक पर तेजी से फरार हो गए। वहां काफी शोर मचाया। लोगों ने उनका पीछा भी किया, मगर लुटेरे तब तक भाग चुके थे।

​​​​​​​15 दिन पहले भी छिनी थी चेन
फौरन राजेंद्र, इंदु और लीला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंदु ने बताया कि उसके गले में डेढ़ तोले का मंगलसूत्र था। जिसमें एक पेंडेंट भी था। लुटेरे वही छीनकर भाग गए हैं। बताया कि अभी 15 दिन पहले भी यहां एक महिला की चेन छीनकर बाइक सवार भाग गए थे। वहीं भाभी लीला ने बताया कि उसकी चेन भी इसी जगह से लगभग 10 साल पहले इसी तरह रात के वक्त लूटी गई थी। लेकिन आज तक नहीं मिली।​​​​​​​

मां बोली- बेटी तो सुकून के लिए आई थी

पार्वती ने कहा कि बेटियां मायके में सुकून के लिए आती हैं। हमारी बेटी से तो मायके में ही मंगलसूत्र छिन गया। इससे बड़ी बदनामी क्या होगी। पूरा परिवार बेहद दुखी है। वहीं यह घटना कीर्ति पैलेस पुलिस चौकी के पास होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।चर्चा है कि इन बाइक सवार लुटेरों ने सेक्टर 3 से पहले दो जगह और महिलाओं को निशाना बनाया है।

थाना इंस्पेक्टर का कहना है कि सूचना पर पहुंची मेडिकल पुलिस लुटेरों को पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी चेक कर रही है। टीमें भी लगा दी हैं।