रायबरेली में रिश्तों का कत्ल:जमीन की लालच में चाचा ने मासूम भतीजी का किया अपहरण

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के रायबरेली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी चाचा ने जमीन की लालच में रिश्तों का कत्ल कर दिया। चाचा ने ननिहाल में रह रही 12 साल की अनाथ मासूम भतीजी का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद ख़ून से लथपथ शव बाग में फेंक दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना जिले के रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के गुलाबगंज खुरहटी गांव की है।

नानी के साथ सो रही थी रिशु
मृतक रिशू (12) अपनी नानी शिव देवी के साथ सो रही थी। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और महिला के मुंह मे कपड़ा ठूंसकर बालिका को उठा ले गए। इसकी सूचना शिव देवी ने परिजनों और आसपास के लोगों को दी। इसके बाद शिव देवी के साथ परिवार और पड़ोस के लोगों ने रिशू की तलाश शुरू कर दी लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार को गांव की एक किशोरी को 100 मीटर दूर बाग में उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। इसके बाद उसने अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। गांव वालों ने बाग में पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

नानी ने चाचा पर लगाया आरोप
सूचना पर थाना पुलिस के साथ एसपी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। इस बीच नानी शिव देवी ने रिशू की हत्या का आरोप उसके चाचा पर लगाया। नानी ने बताया कि, संपत्ति के विवाद के चलते चाचा ने अपनी भतीजी का अपहरण कराकर निर्मम हत्या कर दी।

मां-बाप के गुजरने के बाद नानी के साथ रहती थी
नानी ने बताया कि, रिशू जब डेढ़ साल की थी तो उसके पिता रमेश कुमार का निधन हो गया था। वो बीमार थे। पिता गुजरने के बाद मां संतोष कुमारी की भी मौत हो गई। रिशू पांच साल से ननिहाल गुलाबगंज में ही रह रही थी। शिव देवी ने बताया कि, रिशू का गांव रेवती राम तालाब के पास पूरे देबऊ का पुरवा है। वह कक्षा छह में पढ़ती थी। वहीं, एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, मृतका का चाचा बच्ची की जमीन के लालच में आज तड़के गुलाबगंज पहुंचा और बच्ची को गांव के बाहर ले जाकर उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।