लखनऊ में नाले में मिला नवजात, अलीगढ़ में कुत्ते नोंच रहे थे

UP

(www.arya-tv.com)प्रदेश में बच्चों के साथ बर्बर घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को नवजातों से बर्बरता के तीन वाकये सामने आए। लखनऊ में नवजात का शव नाले मे मिला। अलीगढ़ के दादो थाना क्षेत्र में जंगल के बीच एक नवजात बिलखता मिला। उसके रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसे कुत्ते नोंच रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बिजनौर में एक निर्दयी पिता ने पत्नी से झगड़ा होने पर अपने ही मासूम बच्चे को पटक-पटककर मार डाला।

अलीगढ़: नवजात को जंगल में फेंका, कुत्तों ने नोचा
अतरौली तहसील के दादो क्षेत्र में घना जंगल है, यहां लोगों का आना-जाना काफी कम होता है। यहां रविवार दोपहर 12 बजे के आसपास खेतों में जा रहे ग्रामीणों ने एक बच्चे के रोने की आवाज सुनी। पहुंचने पर पता चला कि एक नवजात बच्चा वहां अकेला पड़ा है और आसपास कुत्ते मंडरा रहे हैं। वे उसे गांव लेकर आए। यहां महिलाओं ने उसको साफ किया और अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अस्पताल में बच्चे का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि कुत्तों के नोचने के कारण उसके शरीर पर कई घाव हो गए हैं। अभी बच्चे को अस्पताल में ही रखा गया है और उसकी हालत गंभीर है।

अलीगढ़: 30 जुलाई को भी मिला था नवजात
शुक्रवार को थाना पाली मुकीमपुर रायपुर खास गांव में ग्रामीणों को झाड़ी में एक नवजात शिशु मिला था। इसे भी जंगली जानवरों ने घायल कर दिया था। मौके पर पहुंची चाइल्ड लाइन की टीम ने बच्चे को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।