मारपीट करने पर आईजी गिरफ्तार:पंचकूला में आईजी ने की घर में घुसकर मां-बेटी से मारपीट

National

(www.arya-tv.com)पंचकूला में हरियाणा होमगार्ड के आईजी हेमंत कंसल को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर शराब के नशे में अपनी महिला कुक के घर में घुसकर उसके और उसकी बेटी के साथ मारपीट और गाली-गलौच करने का आरोप है। घटना शुक्रवार रात की है। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ था। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।

पिंजौर पुलिस स्टेशन में महिला ने आईजी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। महिला और उसकी बेटी का आरोप है कि कंसल उन्हें बेवजह एक पारिवारिक विवाद के चलते तंग कर रहे हैं। विवाद कंसल की बेटी से जुड़ा है। इसी की वजह से उनके साथ मारपीट की गई।

महिला कुक अंजली का कहना है कि 21 अगस्त की रात को आईजी हेमंत कंसल रात 8 बजे शराब के नशे में उसके घर आया। घर की घंटी बजाने लगा। उसके बाद साथ ही आईजी भीतर घुस गया। फिर बेटी के साथ मारपीट करने लगा। जैसे ही उसने बेटी को बचाने की कोशिश की तो कंसल ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद, उन्हें घर से बाहर निकाला।

आरोप है कि कंसल ने पास वाले वाले घर की भी घंटी बजाई। जैसे ही एक महिला ने गेट खोला तो उसने उसे जोर से धक्का दिया। महिला जोर से चिल्लाई। इससे उसका पति भी बाहर आया, तो उसके साथ आईजी ने मारपीट शुरू कर दी। इस हंगामे को देखकर मोहल्ले के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

लोगों ने आईजी की कार को घेर लिया
यह हंगामा शुक्रवार देर पिंजौर की रत्तपुर कॉलोनी में हुआ। मारपीट और हंगामे के बाद मोहल्ले के लोगों ने आईजी की कार को घेर लिया। पुलिस को बुला कर मेडिकल करवाने के लिए कहा गया। इस दौरान काफी तादाद में लोग जमा हो गए थे। पुलिस आईजी को जिप्सी में पिंजौर थाने ले गई। लोग कार्रवाई की मांग करते रहे। मामला दर्ज होने के बाद आईजी को गिरफ्तार कर लिया गया है।