मानसून की वापसी के बीच रांची में झमाझम बारिश, जानिए झारखंड में 10 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

National

(www.arya-tv.com) झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप की वजह से गर्मी हो रही तो रात के तापमान कुछ गिरावट देखने को मिल रही। इसी बीच राजधानी रांची में गुरुवार सुबह-सुबह बारिश के चलते मौसम बदल गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं सूबे के संथाल इलाके में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्य लगभग सभी जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। कहीं-कहीं तेज बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य में 10 अक्टूबर तक बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

सूबे में जारी है बारिश का दौर

राज्य में सबसे ज्यादा बारिश की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में हुई, यहां 104 मिमी बरसात दर्ज की गई है। सबसे अधिकत तापमान की बात करें देवघर में पारा 29.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे कम रांची में रहा, जहां पारा 22.5 डिग्री रहा।

राजधानी रांची में सुबह से बारिश हो रही। राज्य में कई स्थानों पर बादल गरजने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे बरसात की संभावना जताई गई है। सूबे में अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

10 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

10 अक्टूबर तक सूबे में अलग-अलग जगह हल्की से तेज बरसात की भविष्यवाणी की गई है। रांची के अलावा आज जिन इलाकों में बरसात हो सकती है उनमें पाकुर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज शामिल हैं। इन सभी जगहों पर कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ भारी बारिश हो सकती है।

सूबे में अधिकतम तापमान की स्थिति देखें तो रांची में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री रहा। जमशेदपुर में 28.5, डाल्टेनगंज में 28.8, बोकारो में 28.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

इन इलाकों में बारिश के आसार

राज्य के संथाल इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट है। सूबे में 4 दिनों से 7 गुना ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश अभी कहीं-कहीं जारी रहेगी। मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

वहीं अक्टूबर शुरू होने के साथ ही अब तापमान में गिरावट जारी है। ऐसे में रात और सुबह पारा कुछ नीचे गया है। बदले मौसम में लोगों को खास सावधानी बरतने की जरुरत है।