हरौनी चौकी पर बैठक सम्पन्न

Lucknow

बन्थरा। क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर किस प्रकार लगाम लगाया जाए इसको लेकर बंथरा थाना प्रभारी रमेशचंद्र रावत की अध्यक्षता में हरौनी चौकी पर एक सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आए लोगों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि इस समय ठंड के मौसम के चलते रात्रि में लोगों को अधिक सतर्कता से रहना होगा क्योंकि ठंड के शुरू होते ही तमाम तरह के अनैतिक गतिविधियों में लिप्त अपराधिक प्रवृति के लोगों को मौका मिल जाता है कि वह चोरी जैसी घटनाओं को आसानी से अंजाम देकर निकल जाते हैं।

अभी हाल ही में क्षेत्र में इस तरह की कुछ घटनाएं हो गई हैं हालांकि पुलिस इन घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके बावजूद भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है थाना प्रभारी ने बताया कि प्रत्येक गांव में छोटी-छोटी टुकड़िया बनाकर लोग रात्रि में जागते रहें व एक दूसरे से संपर्क बनाए रहें साथ ही लोगों को पुलिस का भी पूरा सहयोग मिलता रहेगा। आगे उन्होंने कहा कि बीट इंचार्ज भी रात्रि गश्त के समय गांव के लोगों से बराबर संपर्क में रहेगा जिससे रात्रि के समय किसी को कभी भी आवश्यकता हो तो वह तुरंत अपने बीट इंचार्ज से संपर्क कर सके। बैठक में आसपास के गांव के तमाम ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं संभ्रांत लोगों के साथ चौकी प्रभारी सहित उनकी टीम उपस्थित रही।