ब्रह्म मुहूर्त से शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव

Prayagraj Zone UP

(www.arya-tv.com) देवाधिदेव भगवान शिव को समर्पित सावन मास गुरुवार से शुरू हो गया। सावन के पहले दिन शिवालयों में हर-हर, बम-बम की गूंज रही। ब्रह्म मुहूर्त से दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो शयन आरती तक चलता रहा। आचार्यों के सानिध्य में मनकामेश्वर महादेव, दशाश्वमेध, शिवकोटि, पंचमुखी महादेव, ललितेश्वर महादेव, तक्षकतीर्थ, नागवासुकि मंदिर, दरवेश्वर महादेव, हिम्मतगंज शिवाला, गंगोली शिवाला, खुल्दाबाद शिवाला, मुठ्ठीगंज स्थित भोलेगिरि, बलुआघाट शिव मंदिर,हनुमत निकेतन में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक किया गया। दो साल बाद इस बार सावन में कोरोना महामारी का कोई भय नहीं रहा। इसलिए श्रद्धालुओं ने उल्लास के साथ जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीष प्राप्त किया। सावन के पहले दिन गुरुवार को हिन्दुस्तान की टीम ने प्रमुख शिवालयों में दर्शन-पूजन, अनुष्ठान की स्थिति को परखा।

पड़िला महादेव में गूंजा हर-हर महादेव

पांडेश्वरनाथ धाम पड़िला गुरुवार को शिवमय रहा। सुबह पांच बजे मंगला आरती के साथ कपाट खुला। दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बोल बम की गूंज के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक पूजन किया। मंदिर के पुजारी सच्चिदानंद व्यास के आचार्यत्व में अनुष्ठान पूजन किया गया। विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में लगे मेले में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा।

श्रद्धा, भक्ति से सोमेश्वर महादेव गुलजार

सोमेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे पट खुलने के बाद महादेव की विधिविधान से मंगला आरती की गई। मंदिर में भोर से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मंदिर के प्रधान पुजारी शैलपुरी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान पूजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित भंडारा में श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।