हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहा रविवार देर रात करीब एक बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर बदायूं से दिल्ली जा रही थार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद चार युवकों की मौत हो गई और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या था पूरा मामला
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार रात 11 बजकर 56 मिनट पर उस समय हुआ जब दिल्ली में पंजीकृत इस एसयूवी में सवार बदायूं जिले के पांच लोग दिल्ली की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गिरने से पहले पांच से छह बार पलटा। उसने बताया इस हादसे में एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस एवं डायल-112 के कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों को सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पालपुर निवासी 26 वर्षीय जोगिंदर, मेवली निवासी सुखबीर 25 और जसवंत 20, तथा पुरदलपुर निवासी रवि 20 के रूप में की गई है।
घायल का इलाज जारी
उन्होंने बताया कि पालपुर निवासी विष्णु (17) का इलाज जारी है। सिंभावली के थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा, ”हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
