आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ ने अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। फिल्म की पूरी कास्ट ने मिलकर इस खास दिन को सेलिब्रेट किया है। इस दौरान फिल्म से जुड़े वो सितारे भी नजर आए जो अब लाइमलाइट से दूर अलग दुनिया बसा चुके हैं। हम बात कर रहे हैं ‘लगान की गौरी’ की, जो अब बड़े पर्दे से दूर हो गई हैं। एक्ट्रेस ग्रेसी सिंह ने ‘लगान’ में गौरी का रोल निभाया था। एक्ट्रेस ने अब धर्म का रास्ता चुन लिया है और अब चकाचौंध से पूरी तरह दूर सादगी भरी जिंदगी जीती हैं। हाल ही में जब ग्रेसी ‘लगान’ के 25 साल के सेलिब्रेशन में शामिल हुईं तो लोग उन्हें देखते रह गए। कई लोगों को वो पहचान में नहीं आई तो कुछ को उनका अंदाज और लुक पूरी तरह बदला दिखा। इसके बावजूद लोग उनकी सादगी की तारीफ करते नहीं थके।
इन फिल्मों से मिली शोहरत
‘लगान’ फिल्म से सुर्खियों में आईं एक्ट्रेस ग्रेसी सिंह ने ‘मुन्ना भाई M.B.B.S.’ जैसी फिल्म में भी काम किया, जिसमें संजय दत्त संग उनकी जोड़ी खूब जमी। फिल्म में उनका किरदार डॉक्टर का था। वह अजय देवगन के साथ ‘गंगाजल’ में भी काफी पसंद की गईं। इसके बाद उन्होंने चंद और फिल्में भी कीं, लेकिन उनका एक भी रोल इस कदर यादगार नहीं बन पाया। एक्ट्रेस ने इसके बाद आध्यात्मिकता और टीवी का रुख किया। टीवी पर काम करते हुए उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली। ग्रेसी सिंह बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियों में शुमार रहीं, ‘लगान’ में अपनी भूमिका के बाद वे घर-घर में पहचानी जाने लगीं और उन्होंने आमिर खान, अजय देवगन, संजय दत्त और अमिताभ बच्चन जैसे अभिनेताओं के साथ काम किया।
