रिटायर्ड सीओ से ब्लैकमेलिंग कर 6 लाख की वसूली:आगरा में महिलाओं का गिरोह सक्रिय

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में महिलाओं के गिरोह ने रिटायर्ड सीओ को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए वसूल लिए। वहीं अब भी परेशान कर पैसे की मांग कर रही हैं। इसकी शिकायत रिटायर्ड सीओ ने पुलिस में की है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।

सिकंदरा क्षेत्र में महिलाओं का एक गिरोह सक्रिय है जो लोगों को फंसाता है और उसके बाद ब्लैकमेल कर उनसे वसूली करता है। यह महिलाएं पहले झांसे में लेकर आपत्तिजनक वीडियो बनाती हैं इसके बाद उन्हें बदनाम करने का डर दिखाकर लाखों रुपए की वसूली करती हैं।

ईश्वर नगर शास्त्रीपुरम निवासी सेवानिवृत्त सीओ राजेंद्र सिंह ने थाना सिकंदरा में एक मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें उन्होंने बताया कि दो महिलाएं ब्लैकमेलिंग कर वसूली करने वाला गैंग चला रही हैं। इसमें एक महिला का पति भी शामिल है। उन्होंने बताया कि यह महिलाएं अच्छे परिवार के पुरुष और वृद्धजनों को अपने जाल में फंसाती हैं और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाती हैं।

खाते में जमा कराए साढ़े तीन लाख
उसके बाद उन्हें बदनाम करने की धमकी देकर उनसे वसूली करती हैं। पैसा नहीं देने पर लोगों को ब्लैकमेल भी करती है। जबकि यह लोग इतने खतरनाक है कि लोगों की हत्या तक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को भी ऐसी ही एक महिला ने फंसाया था और 2021 में घर आकर महिला ने 6 लाख रुपए की मांग की थी। इसके बाद ढाई लाख रुपए लेकर चले गए। इसके बाद साढ़े तीन लाख रुपए खाते में जमा करा लिए।

रुपए न देने पर जान से मारने की धमकी
वह लोग यहीं पर नहीं रुके 6 लाख रुपए लेने के बाद और रुपए मांग रहे हैं और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित सेवानिवृत्त सीओ की शिकायत के आधार पर थाना सिकंदरा में सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया। थाना सिकंदरा प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है। सुबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।