यूपी के 29 जिलों में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान, संभल में सुबह ओले भी गिरे

UP

(www.arya-tv.com) लखनऊ में सोमवार दोपहर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अलीगढ़ और जालौन में भी बूंदाबांदी जारी है। वहीं, संभल में सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई। करीब 5-7 मिनट तक ओले भी गिरे। कानपुर में सुबह से ही बादल छाए हैं और तेज हवा चल रही है। गोरखपुर समेत कई जिलों में मौसम बदल गया है।

आज वेस्ट यूपी के 29 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बता दें, बारिश नहीं होने से रविवार को झांसी का तापमान 41.1°C रहा, जो यूपी का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ।

  • पहले आने वाले 24 घंटे का मौसम

धूल भरी आंधी चल सकती है
कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, अगले 5 दिन हल्के बादल छाए रहेंगे। लेकिन बारिश के आसार अब कम होने लगे हैं। आज वेस्ट यूपी में बारिश के आसार हैं। इसके बाद लोगों को गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। हालांकि, सोमवार को कानपुर, प्रयागराज में सुबह से ही घने बादलों की आवाजाही बनी हुई है।

इन जिलों में मौसम ले सकता है करवट
मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया और फर्रुखाबाद।
लखनऊ में तेज हवाएं चल रही है। बादल छाए हुए हैं। न्यूनतम तापमान 23.1 °C रिकार्ड हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान 38.5°C दर्ज हुआ है। पूर्वानुमान है कि आसमान में बादल छाए रहेंगे, हल्की धूप निकलेगी। बारिश होने का पूर्वानुमान नहीं दिया गया है।
वहीं, वाराणसी में सोमवार सुबह धूप खिली हुई है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं। हवा शांत है। बारिश होने की संभावना दिखाई दे रही। पिछले कुछ दिन बारिश नहीं होने से दोपहर से गर्म हवा (लू) भी चल रही हैं। वाराणसी में आज न्यूनतम तापमान 23°C और अधिकतम 43 °C रहने का अनुमान है।

2 दिन से लगातार बढ़ रहा तापमान
मौसम विज्ञानी के मुताबिक, बीते 2 दिनों से लगातार तापमान चढ़ रहा है। 2 मई को बरसात के चलते कानपुर का तापमान नीचे गिरकर 26 °C तक पहुंच गया था। लू के मौसम में लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा था। वहीं 5 दिन बाद अधिकतम तापमान 37.2 °C दर्ज किया गया। मई में एक-दो दिन बाद फिर पूरे महीने बारिश के आसार नहीं हैं।

झांसी रहा सबसे गर्म
बीते 24 घंटे में शहरों के तापमान की बात करें तो यूपी में झांसी सबसे गर्म शहर रहा। ज्यादातर शहरों का तापमान 40°C के करीब पहुंचने लगा है। आगरा, बस्ती और प्रयागराज का तापमान 40°C को पार कर गया।