अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में वित्तीय साक्षरता अभियान का शुभारंभ, छात्राओं को साइबर सुरक्षा का संदेश

Lucknow

सरोजनीनगर, लखनऊ। अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सोमवार को फ्रैंकलिन टेम्पलटन इंडिया और फिनएक्स–सीआईईएल के सहयोग से उत्तर प्रदेश वित्तीय साक्षरता जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए वित्तीय साक्षरता, डिजिटल दक्षता, साइबर सुरक्षा और रोजगारपरक कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला।

  • वित्तीय ज्ञान से आत्मनिर्भर बनें छात्राएं

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केवल बचत और निवेश की जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं को आय का नियोजन, बजट निर्माण, बैंकिंग, बीमा, ऋण, म्यूचुअल फंड, व्यवस्थित निवेश योजना (SIP) और जोखिम प्रबंधन की समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार के संसाधनों और बजट का कुशल प्रबंधन करती हैं। आधुनिक वित्तीय ज्ञान और डिजिटल साधनों से जुड़कर वे स्वयं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ परिवार और समाज की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों तक वित्तीय जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

  • साइबर सुरक्षा के लिए अपनाएं ‘Pause, Verify and Report’

डिजिटल सुरक्षा पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि बैंकिंग, खरीदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी सेवाएं तेजी से डिजिटल माध्यमों से जुड़ रही हैं। इसके साथ साइबर धोखाधड़ी का खतरा भी बढ़ा है। उन्होंने छात्राओं को “Pause, Verify and Report” का मंत्र अपनाने की सलाह दी।

डॉ. सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए तथा संदिग्ध लिंक और अनजान संदेशों पर क्लिक करने से बचना चाहिए। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की भी जानकारी दी गई।

  • कॉलेज के विकास के लिए 10 लाख रुपये की सहायता

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने कॉलेज के विकास और छात्राओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए CSR के माध्यम से 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने डिजिटल साक्षरता प्रयोगशाला को आधुनिक बनाने में भी सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर में 70 से अधिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं तथा डिजिटल पुस्तकालयों की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है। कार्यक्रम में छात्राओं को बचत, निवेश, SIP, बैंकिंग और वित्तीय नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

  • 21 नगरों से होते हुए अयोध्या पहुंचेगा अभियान

आयोजकों के अनुसार वित्तीय साक्षरता का यह जन-जागरूकता अभियान उत्तर प्रदेश के 21 नगरों से होकर आगे बढ़ेगा और अयोध्या में इसका समापन होगा। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, कॉलेज के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।