यूरोप में बाढ़ से तबाही के 20 फोटो:जर्मनी, बेल्जियम और स्विट्जरलैंड बारिश से बेहाल, 180 की मौत

International

(www.arya-tv.com)जलवायु परिवर्तन का असर अब दुनिया में नजर आने लगा है। यूरोप के कई देश इन दिनों भीषण बाढ़ का सामना कर रहे हैं। सबसे ज्यादा असर जर्मनी, बेल्जियम, स्विट्जरलैंड और नीदरलैंड्स में दिखाई दे रहा है।

लगातार हो रही बारिश के बाद आई बाढ़ से रविवार सुबह तक यहां 180 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 1500 से ज्यादा लोग लापता हैं। हजारों घर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गए हैं। लोगों के पास रहने के लिए घर नहीं हैं। सब किसी तरह अपनी जान बचाने में लगे हुए हैं। कई नदियां अपनी धारा बदलकर दूसरी दिशा में बहने लगी हैं। जर्मनी के मौसम विभाग के प्रवक्ता उवे किर्सचे ने बताया कि 1000 साल में ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया।

सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जर्मनी के राइनलैंड-पैलेटिनेट राज्य में पड़ा है। यहां 110 लोगों की मौत हुई है। जर्मनी के सबसे ज्यादा सघन आबादी वाले उत्तरी राइन वेस्टफेलिया राज्य में 45 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अग्निशमन दल के कर्मचारी भी शामिल हैं। बेल्जियम में 27 लोगों की मौत हुई है। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल बाढ़ से तहस-नहस हो चुके राज्यों का दौरा कर रही हैं।