मानसून से पहले नालों की सफाई पर जोर, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी ने अपर नगर आयुक्त के साथ निरीक्षण किया

Lucknow

कानपुर रोड, विजय नगर और हिंद नगर की जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

लखनऊ। मानसून आगमन से पूर्व शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विद्यावती द्वितीय वार्ड के पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के साथ प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालों की सफाई, सिल्ट निकासी और जल प्रवाह की स्थिति का जायजा लिया गया।

  • क्षेत्र की जल निकासी के लिए महत्वपूर्ण है नाला

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि संबंधित नाला क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। कानपुर रोड, विजय नगर, हिंद नगर समेत आसपास के कई क्षेत्रों का वर्षा जल इसी नाले के माध्यम से निकलता है। ऐसे में नाले की समयबद्ध सफाई और सिल्ट निकासी आवश्यक है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचा जा सके।

  • सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश

नगर निगम अधिकारियों ने नालों की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जहां भी नालों में अवरोध या अत्यधिक सिल्ट जमा है, वहां विशेष अभियान चलाकर त्वरित सफाई कराई जाएगी ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।

  • तलीझाड़ सफाई पर दिया जोर

पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि निरीक्षण किया गया नाला केवल विद्यावती द्वितीय वार्ड ही नहीं, बल्कि कैंट विधानसभा क्षेत्र और सेक्टर-एच जैसे प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की जल निकासी से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जिन इलाकों में जलभराव की समस्या अधिक रहती है, उनका पानी भी इसी नाले से होकर गुजरता है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल औपचारिक सफाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि नाले की तलीझाड़ सफाई कराना आवश्यक है। नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि मानसून से पहले सभी नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपने क्षेत्र की समस्याओं के लिए जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगता है, इसलिए समय रहते प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।