आगरा की सड़कों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक सिटी बस, सीएम योगी दिखाएंगे हरी झंडी

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म होगा और शहर को इलेक्ट्रिक सिटी बसें मिलेंगी। मंगलवार तीसरे पहर पांच बजे सीएम योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि ईदगाह बस स्टेशन पर स्थानीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

आगरा में सिटी बस के रूप में संचालन के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हुई हैं, जिनके लिए नरायच में चार्जिंग स्टेशन बन रहा है। 31 मार्च तक चार्जिंग स्टेशन बनना था और एक अप्रैल से इलेक्ट्रिक सिटी बस संचालित होनी थी। इससे शहर को विभिन्न रूट पर चल रही जर्जर सिटी बसों से निजात मिलती। कई बार तिथियों को बढ़ाया गया, लेकिन कार्य पूर्ण कराने में लापरवाही ही रही। चार्जिंग स्टेशन में हुई देरी के कारण आगरा पिछड़ता चला गया। अभी भी नरायच में बन रहे चार्जिंग स्टेशन का कार्य 15 फीसद बचा हुआ है। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी मनोज पुंडीर ने बताया कि ईदगाह बस स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 शहर के कई प्रमुख स्थानों और विस्तारित क्षेत्र को मिलेगी यातायात की सुविधा

आगरा में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होना है। जब अन्य बसें आ जाएंगी तो उन्हें शहर के कई प्रमुख स्थानों और विस्तारित क्षेत्र से संचालित किया जाएगा। कुछ रूटों को आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट द्वारा नए मार्ग के रूप में चिन्हित किया गया है। वर्तमान में भगवान टाकीज चौराहे से आगरा कैंट, सेवला, छलेसर सहित 13 रूट पर सिटी बसों का संचालन हो रहा है। नई बसों के आने के बाद वंचित क्षेत्र को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी।

इलेक्ट्रिक बस के ये हैं रूट

– भगवान टाकीज से आगरा कैंट

– दयालबाग से रोहता

– आगरा से फतेहपुरसीकरी

– आगरा से टूंडला

– आगरा कैंट से शिल्पग्राम

– आगरा से खेरागढ़

– आगरा से पिनाहट

– आगरा दर्शन, ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा, चीनी का रोजा, फतेहपुरसीकरी

ये हैं नए प्रस्तावित रूट

– सेवला से मधुनगर, अवंतीबाई चौराहा, सांई की तकिया, सुभाष पार्क, पंचकुईया, कोठी मीना बाजार मैदान, बोदला, बिचपुरी

– आगरा कैंट से अवंतीबाई चौराहा, कमिश्नरी चौराहा, बसई, सौ फुटा, राजेश्वर मंदिर, बरौली अहीर

– बिजली घर से बेलनगंज, एत्माद्दौला, नुनिहाई, शाहदरा, छलेसर, एत्मादपुर

– बिजली घर से अवंतीबाई चौराहा, सुभाष पार्क, पंचकुईया, कोठी मीना बाजार मैदान, सीआेडी चौराहा, रामनगर, बोदला, बिचपुरी

– टेढ़ी बगिया से कालिंदी बिहार, शाहदरा, नुनिहाई, एत्माद्दौला, हाथी घाट, बिजली घर

– बिजली घर से अवंतीबाई चौराहा, सुभाष पार्क, पंचकुईया, कोठी मीना बाजार मैदान, मारुती एस्टेट, अवधपुरी

– टेढ़ी बगिया से भगवान टाकीज चौराहा, सिकंदरा, भगवती ढाबा, औद्यौगिक क्षेत्र, शास्त्रीपुरम, कारगिल पेट्रोल पंप, बोदला, कोठी मीना बाजार मैदान, सुभाष पार्क, अवंतीबाई चौराहा, बिजली घर, वाटर वक्र्स

– टेढ़ी बगिया से वाटर वक्र्स, भगवान टाकीज चौराहा, आइएसबीटी, सिकंदरा, कारगिल पेट्रोल पंप, शास्त्रीपुरम

– आगरा दर्शन- आगरा किला, ताजमहल, एत्माद्दौला, दयालबाग, सिकंदरा, आगरा कैंट