लखनऊ। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सरोजनीनगर से धार्मिक सेवा की नई पहल के तहत 73 श्रद्धालुओं की ‘श्याम रथ यात्रा’ को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम के लिए रवाना किया। सेक्टर-K, आशियाना स्थित आवास से शुरू हुई यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह यात्रा 22 अप्रैल 2026 को आयोजित धर्म उत्सव के दौरान भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की ओर से रखे गए आग्रह को सेवा-संकल्प के रूप में लेकर शुरू की गई है।
- आस्था से सेवा तक, धार्मिक यात्राओं का बढ़ रहा दायरा
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तीर्थ यात्रा केवल किसी धार्मिक स्थल तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर सकारात्मक परिवर्तन लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दर्शन के बाद विचारों में सकारात्मकता, आचरण में सुधार और चरित्र में बदलाव दिखाई दे, तभी यात्रा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है।
- 300 से अधिक मंदिरों का पुनरोद्धार, हर मंदिर को भव्य बनाने का लक्ष्य
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति का संरक्षण, संवर्धन और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी संकल्प के तहत सरोजनीनगर में अब तक 300 से अधिक मंदिरों का पुनरोद्धार, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया गया है।
