15 रुपए महंगा हुआ घरेलू रसोई गैस सिलेंडर

# ## Business

(www.arya-tv.com) त्योहारों से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत फिर बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए हैं।

दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर 899.50 रुपए का हुआ
इस बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 899.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा। तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए थे।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। दिल्ली में आज पेट्रोल के दाम में 30 पैसे और डीजल के दाम में 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद यहां पेट्रोल 102.94 और डीजल 91.42 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने 5वीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है।

CNG-PNG की भी कीमत बढ़ी
नेचुरल गैस के दाम बढ़ने से CNG, PNG और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा हुआ है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-NCR में CNG के भाव 2.55 रुपए प्रति किलो तक बढ़ाए हैं। वहीं, PNG की कीमत में 2.10 रुपए प्रति घन मीटर का इजाफा किया है।

इस साल अब तक पेट्रोल 19.03 और डीजल 17.36 रुपए तक महंगा हुआ
इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 रुपए प्रति लीटर था। अब यह 102.94 और 91.42 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 9 महीने से भी कम में पेट्रोल 19.03 और डीजल 17.36 रुपए तक महंगा हुआ है।

26 राज्यों में पेट्रोल और 6 राज्यों में डीजल 100 के पार
देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।

वहीं उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार है। वहीं डीजल की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना और राजस्थान में कई जगहों पर ये अभी भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।