पंचायत चुनाव में धांधली को लेकर सपा का पूरे राज्य में प्रदर्शन

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे के दिन ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में तहसील और जिला स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर हो रहा है। अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर इस प्रदर्शन का आह्वान किया है। मोदी के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन प्रदेश में खासा अलर्ट है। इसलिए ज्यादातर तहसीलों और जिलों में सपा कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने से रोका गया है। कुछ जगहों पर ही सपाई जिला मुख्यालय तक प्रदर्शन कर पाए हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम का कहना है कि हमारा प्रदर्शन जिले स्तर पर पहले ही आयोजित था। नजरबंद करना सरकार की तानाशाही है। इससे यह पता चलता है कि सरकार 2022 का चुनाव हारने वाली है।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ जिला अध्यक्ष राजवीर एवं पूर्व विधायक विनोद यादव सरकार के खिलाफ 16 सूत्रीय मांगों के साथ धरना प्रदर्शन करने बिधूना तहसील पहुंच हैं। सपा जिलाअध्यक्ष ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि कार्यकर्ताओं को घरों में कैद किया गया है।

कन्नौज : सपा नेताओं को घरो से उठाया

कन्नौज में समाजवादी पार्टी के तहसील स्तरीय धरना प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को घरों से उठाने की कार्रवाई की है। आरोप है कि पुलिस कई सपा नेताओं को घर से उठाकर कोतवाली ले आई है तो वहीं कई दिग्गज सपा नेताओं के घर मे पुलिस का पहरा लगाकर उनको घर मे ही कैद कर दिया है।