हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस:बहराइच में पेड़ से लटकता मिला दो सहेलियों का शव

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार की शाम दो किशोरियों के शव पेड़ से लटके मिले। मामला रामगांव थाना क्षेत्र के धर्मनपुर गांव का है। ग्रामीण हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटकाने की आशंका जता रहे हैं। मृतक लड़कियां आपस में सहेलियां थीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घर से बाहर निकलने के आधे घंटे बाद पेड़ से लटकी मिलीं दोनों

थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि धर्मनपुर गांव निवासी लक्ष्मी (17 साल) और प्रेमा (15 साल) सहेलियां थीं। रविवार शाम दोनों एक साथ घरों से बाहर निकली थीं। लेकिन करीब आधे घंटे के बाद गांव के बाहर एक गूलर के पेड़ से दोनों के शव लटके हुए पाए गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस व परिवारों को दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाया साक्ष्य

एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, महसी सीओ शंकर प्रसाद इलाकाई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पेड़ से दोनों किशोरियों का शव उतारा गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार वालों से पूछताछ की है। हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस पड़ताल कर रही है। लेकिन अभी मृतक परिवारों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है।

लोगों को बदायूं कांड की आई याद
धर्मनपुर गांव में हुई आज की घटना ने 6 साल पहले सपा सरकार में साल 2014 में हुए बदायूं कांड की याद ताजा की है। यहां के कटरा सादतगंज गांव में दो दलित लड़कियों के शव पेड़ से लटकते हुए मिले थे। परिजन ने गैंगरेप के बाद हत्या और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शवों को पेड़ से लटकाए जाने का आरोप लगाया था। मामले की सीबीआई ने जांच की है। इस केस में कुल पांच लोगों को रेप और मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया था। इनमें तीन गांव के लड़कों के साथ दो पुलिस वाले भी थे।