आगरा के कीठम गांव में तालाब में मिला युवक का शव, नहीं हुई शिनाख्त, जानिए क्या है पूरा मामला

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) आगरा के एक गांव कीठम में युवक का शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस ने उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। मगर, शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।आशंका है कि युवक की हत्या कर उसका शव फेंका गया है। मगर, पुलिस फिलहाल हत्या का मामला नहीं मान रही है।

अछनेरा के कीठम गांव के तालाब में शनिवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। वह पेंट और शर्ट पहने है। युवक के चेहरे पर लाल निशान दिख रहे हैं। आशंका है कि युवक की हत्या करके उसका शव फेंका गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला।

उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसके बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। इसके साथ ही युवक के फोटो से आसपास के गांवों में उसके बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। मगर, युवक के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि तालाब में शव मिला है।

तालाब गांव से बाहर है। आशंका है कि व्यक्ति तालाब में फिसलकर गिरा हो। क्योंकि उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं।चेहरे पर लाल निशान पानी में पड़े रहने के कारण हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल तालाब में मिले शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

दक्षिणी बाइपास के पास है तालाब

कीठम गांव में जिस तालाब में युवक का शव मिला है। वह तालाब दक्षिणी बाइपास के पास है। आशंका है कि कोई दक्षिणी बाइपास पर हत्या करके उसके शव को तालाब में फेंक गया हो। इसीलिए शिनाख्त नहीं हो पा रही है। पुलिस आसपास के जिलों में भी संदेश भेजकर युवक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है।