अमेरिका में 13 फरवरी के बाद एक दिन में 88 हजार से ज्यादा नए केस दर्ज

International

(www.arya-tv.com)कोरोना की तीसरी लहर का कहर दुनियाभर में जारी है। बीते दिन इसके 6.55 लाख नए मामलेे सामने आए हैं और 9 जून के बाद लगातार दूसरे दिन कोरोना से मरने वालों की संख्या 10 हजार के पार गई है। बीते 24 घंटे में 10,290 संक्रमितों की मौत हुई है। गुरुवार को 4.09 लाख लोगों ने इस बीमारी को मात भी दी है।

दुनिया में सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में सामने आ रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 88,052 नए केस दर्ज हुए। यह तीसरी लहर में लगातार दूसरा दिन है जब अमेरिका में नए मामले 80 हजार के ज्यादा हुए हैं। इसके पहले अमेरिका में 13 फरवरी को 88,439 मामले सामने आए थे। गुरुवार को यहां 372 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई है।

अमेरिका में वैक्सीनेशन को लेकर सरकार सख्त
बढ़ते मामलों के बीच अमेरिकी सरकार वैक्सीनेशन को लेकर सख्ती दिखाने लगी है। डेल्टा वैरिएंट के मामले में इजाफे के बीच सरकार ने ऐलान किया है कि मिलिट्री को छोड़कर बाकी सभी केंद्रीय कर्मचारियों को वैक्सीनेशन लेना होगा वरना उन्हें हफ्ते में दो बार टेस्ट करवाने, मास्क पहने रहने और अन्य पाबंदियों को मानना होगा। सरकार ने राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन को यह भी सुझाव दिया है कि वैक्सीन लेने वाले व्यक्ति को 100 डॉलर दिए जाएं जिससे और भी लोग टीका लगावाने के लिए प्रेरित हों।

इटली में भी कोविड हेल्थ पास अनिवार्य
इटली ने भी तय किया है कि उन सभी लोगों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी जिनके पास ‘ग्रीन पास’ नहीं होगा। यह ग्रीन पास उन लोगों को मिलेगा जिन्होंने वैक्सीन लगवाई है। इटली की नेशनल टूरिज्म एजेंसी के मुताबिक, 6 अगस्त से 12 साल से अधिक उम्र के लोगों को सार्वजनिक जगहों पर आने-जाने के लिए हेल्थ पास दिखाना जरूरी होगा।

ब्रिटेन ने वैक्सीन का एक्सपोर्ट शुरू किया
ब्रिटेन ने गरीब देशों को कोरोनावायरस वैक्सीन के डोज भेजने शुरू कर दिए हैं। इस हफ्ते 90 लाख डोज भेजी जाएंगी। इस इनिशिएटिव के तहत ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका वैकसीन की सप्लाई की जा रही है। यहां पर करीब 71% आबादी को दोनों टीके लग चुके हैं। सरकार ने तय किया है कि फुली वैक्सीनेटिड लोगों को 16 अगस्त से क्वारैंटाइन नहीं होना पड़ेगा। ब्रिटेन में पिछले 24 घंटों में 31,117 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जबकि 85 लोगों की इससे मौत हुई है।

इजरायल में 60 साल से अधिक उम्र वालों को लगेगा बूस्टर डोज
इजरायल में 60 साल से ऊपर के लोगों को कोरोना वैक्सीन का तीसरा डोज दिया जाएगा। अगले हफ्ते से यह प्रोसेस शुरू होगा। इजरायली स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसमें उन्होंने बुजुर्गों को तीसरे डोज के प्रस्ताव का समर्थन किया। यहां गुरुवार को 1,823 मामले सामने आए, जबकि 4 लोगों की जान गई।

फ्रांस में 50% आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज लगे
कोविड हेल्थ पास लागू करने वाले देशों में फ्रांस भी शामिल है। यहां पर 21 जुलाई से सिनेमा, म्यूजियम और ऐसी सांस्कृतिक धरोहरों को देखने के लिए कोविड पास दिखना अनिवार्य किया जा चुका है जहां 50 से ज्यादा लोग एकत्र हों। कैफे, रेस्टोरेंट, फ्लाइट्स और इंटर-सिटी ट्रेन में सफर करने के लिए 9 अगस्त से कोविड पास अनिवार्य होगा। फ्रांस कोरोना मामलों में दुनिया का पांचवां सबसे प्रभावित देश है। यहां गुरुवार को 25,190 मामले सामने आए, जबकि 29 लोगों की इससे जान गई।

दुनिया में अब तक 19.7 करोड़ मामले
दुनियाभर में अब तक कोरोनावायरस के 19 करोड़ 73 लाख मामले दर्ज हुए हैं। इससे 42 लाख 13 हजार लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 17 करोड़ 82 लाख लोगों ने इस बीमारी को मात भी दी है। दुनिया में अभी कोरोना के 1 करोड़ 46 लाख एक्टिव केस हैं। इसमें से 87,074 क्रिटिकल हैं।