आगरा में ​फिर मिले कोरोना मरीजों की संख्या, 20 लोग हुए संक्रमित

Agra Zone UP

आगरा (www.arya-tv.om) आगरा में शुक्रवार को कोरोना वायरस के दो और मरीज मिले हैं। इनमें से एक बाईपास रोड खंदारी का रहने वाला है और दूसरी मरीज पुष्पांजलि पुरम फेज तीन ताजनगरी की निवासी है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में दो मरीज भर्ती हैं। जिलाधिकारी प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि अब संक्रमितों की संख्या 10,534 पहुंच गई है। इनमें 10,340 डिस्चार्ज हो चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हैं। इससे पहले सक्रिय मामलों की संख्या 12 तक पहुंच गई थी।

मार्च 2020 के बाद फरवरी 2021 में सबसे कम 44 मरीज मिले हैं, इसमें भी सबसे बड़ी राहत एक भी बच्चा संक्रमित नहीं पाया गया। अब तक संक्रमित 10,534 मरीजों में 214 बच्चे शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का कहना है कि दो दिन और गुजर जाते हैं तो मार्च के बाद फरवरी पहला महीना होगा, जिसमें कोई बच्चा संक्रमित नहीं मिला है।

सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि कोरोना वायरस का पहला मामला तीन मार्च 2020 को आया था। 25 फरवरी तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10,532 रही। इनमें से 6964 पुरुष, 3354 महिलाएं और 10 साल से कम उम्र के 214 बच्चे हैं।