गठबंधन INDIA के संयोजक हो सकते है कांग्रेस अध्यक्ष खरगे

National

(www.arya-tv.com) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ का संयोजक बनाया जा सकता है। गठबंधन के सूत्रों ने मंगलवार (29 अगस्त) को यह जानकारी दी। ‘इंडिया’ गठबंधन के संयोजक के रूप में मल्लिकार्जुन खरगे के नाम का ऐलान मुंबई में होने वाली बैठक में हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में शामिल पार्टियां लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर रणनीतियों पर जोर दे रही हैं। मल्लिकार्जुन खरगे के रूप में गठबंधन के संयोजक पद के लिए उनके पास दलित चेहरे के तौर पर एक वरिष्ठ नेता है, जो इसका नेतृत्व कर सकता है। इसके अलावा, उनके (खरगे) लंबे राजनीतिक अनुभव को भी तरजीह दी जा सकती है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी संयोजक बनाए जाने की अटकलें है। हालांकि, नीतीश कुमार कई दफा इनकार कर चुके हैं कि वह कुछ भी नहीं चाहते हैं। उन्होंने सोमवार (28 अगस्त) को कहा था कि हम कुछ नहीं चाहते हैं, हम सिर्फ लोगों को एकजुट करना चाहते हैं।

बता दें कि मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक में 11 सदस्यीय समन्वय समिति भी नामित की जा सकती है। पिछले दिनों महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने जानकारी दी थी कि यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

बता दें कि इस गठबंधन में शामिल हुए ज्यादातर विपक्षी दलों की पहली बैठक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आह्वान पर 23 जून को पटना में आयोजित हुई थी। इसके बाद 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में दूसरी बैठक हुई, जिसमें इस गठबंधन के नाम (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की घोषणा की गई। गठबंधन में 26 विपक्षी दल शामिल हुए हैं। मुंबई में ‘इंडिया’ गठबंधन की तीसरी बैठक होने जा रही है।