ट्रैक्टर और बोलेरो में हुई टक्कर, दो की मौत और पांच घायल

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के निचलौल सिसवां मार्ग स्थित रमपुरवां गांव के प्राथमिक विद्यालय के सामने गुरुवार की देर रात ट्रैक्टर व बोलेरो में आमने सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरी गांव से सात लोग बोलेरों में सवार होकर चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़री कला में बरात जा रहे थे। अभी बोलेरो सवार बराती कोठीभार थाना क्षेत्र के रमपुरवां गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे थे।

इसी बीच सामने से आ रही एक महिंद्रा ट्रैक्टर ट्राली से जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान बोलेरो सवार राजेश (40) व विनोद (45) निवासी खैरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य पांच रसूल (40) दुर्गेश यादव (50) कमलेश मल्ल (45) आनंद (16) व रामसमुझ (16) निवासी खैरी थाना नेबुआ नौरंगिया जिला कुशीनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से सभी घायलों को सिसवां सीएचसी और जिला मुख्यालय में भर्ती कराया गया। जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।

इस संबंध में कोठीभार थाना प्रभारी धनवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अन्य पांच घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।