हापुड़ में सीएम योगी करेंगे 63 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास, 72 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

National

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की खबर के बाद से ही विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

आयोजन 17 अक्टूबर को होना है, जिसे लेकर जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, पुलिस प्रशासन ने आनंद विहार स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीएम यहां 63 करोड़ की परियोजना को शिलान्यास और 72 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर ने बताया कि आगामी 17 अक्टूबर मंगलवार को जनपद हापुड़ में भाजपा अनुसूचित मोर्चा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। सम्मेलन के लिए दिल्ली रोड आनंद विहार में कार्यक्रम स्थल का चयन किया गया। इसे सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया द्वारा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंप दी गयी है।

शनिवार और रविवार को कार्यक्रम स्थल का क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया, जिला प्रभारी मंत्री कपिल अग्रवाल, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, यूपी सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि, एडीजी राजीव सब्बरवाल, जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और हैलीपैड निरीक्षण किया।

सीएम योगी का 8वीं बार होगा आगमन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का जनपद हापुड़ में सात बार आगमन हो चुका है। अब आगामी 17 अक्टूबर को वह भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे हैं।

सम्मेलन में 1 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे

जिलाध्यक्ष नरेश तोमर ने बताया कि 17 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन में एक लाख कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे। जिसमें 25 जिार कार्यकर्ता जनपद हापुड़ से शामिल होंगे। जिला हापुड़ को छोडक़र अन्य जिलों से 1600 बसों से कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने आएंगे।