सीएम योगी ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल में कैंसर रोगियों के लिए PET CT स्कैन मशीन का लोकार्पण किया

UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद मथुरा में यमुना नदी के जल स्तर एवं जनपद के जलमग्न रियाहशी इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने वृन्दावन में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल में कैंसर रोगियों के लिए पी0ई0टी0 सी0टी0 स्कैन मशीन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेदकानंद प्रेक्षागृह में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि रामकृष्ण मिशन के 125 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा के पूर्ण होने तथा रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल में पी0ई0टी0 मशीन के लोकार्पण का यह सुअवसर है।

कोटक महिंद्रा बैंक ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल को अपनी सी0एस0आर0 धनराशि के सदुपयोग के लिए चुना यह हर्ष का विषय है। यह मशीन लोगों के मन से कैंसर के भ्रम को दूर करने में अहम भूमिका निभायेगी। इस मशीन की सुविधा आस-पास के जनपदों में नहीं है। श्रद्धालु एवं आम जनमानस इस मशीन का कम दामों में लाभ उठा सकेंगे। सी0एस0आर0 की धनराशि के साथ कॉरपोरेट घराने इसी तरह आगे आएंगे, तो शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी उन्नति होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। पहले प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराना बहुत कठिन होता था, लेकिन अब सरल हो गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना देश में चलायी जा रही है। देश की आधी आबादी को 05 लाख रुपये प्रतिवर्ष स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। लोग 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य लाभ किसी भी सरकारी अस्पताल में या इम्पैनल्ड अस्पताल में जाकर ले सकते हैं। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत विगत 03 वर्षां में लगभग 3400 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदेशवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा के लिए उपलब्ध करायी गयी है। आज के समय में बीमारियां बढ़ रही हैं। जनसामान्य को स्वास्थ्य सुविधायें प्राप्त हों, इसके लिए सरकार ने भी अपनी सुविधायें बढ़ाई हैं। 06 वर्ष पूर्व डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होना बहुत बड़ी चुनौती थी। इसके लिए लोगों को दूर जाना पड़ता था। राज्य सरकार ने प्रदेश के 72 जनपदों में निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में 75 जनपदों में से 36 जनपदों में आई0सी0यू0 बेड की सुविधा नहीं थी, लेकिन आज सभी जनपदों में आई0सी0यू0 बेड की सुविधा उपलब्ध है। प्रत्येक सप्ताह सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हो रहा है। सुदूर गांवों में टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में अच्छे कार्य करने के परिणाम सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को लगातार नियंत्रित किया गया है।

कोरोना काल में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल द्वारा किए गए कार्य अविस्मरणीय और प्रेरक हैं। प्रदेश सरकार हर प्रकार का सहयोग रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम को सुनिश्चित कराने के लिए तत्पर है। पी0ई0टी0 सी0टी0 स्कैन मशीन के शुरु होने से आम जनमानस को रोग के नियंत्रण और निराकरण की सुविधा बेहद कम दामों में अब मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि धर्म अंतः करण की शुद्धि के साथ मानव मात्र की सेवा का माध्यम बने। मिशन के कार्य अभिनंदनीय, सराहनीय तथा अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने गुरु वाक्यों का अनुसरण कर ‘नर सेवा नारायण सेवा’ का आदर्श स्थापित किया तथा इसे आत्मसात करते हुए पीढ़ियों को इस सच्ची सेवा के लिए प्रेरित किया है। संस्थान द्वारा स्वामी जी के विचारों को आगे बढ़ाने के जो कार्य किये जा रहे हैं, वह अत्यन्त सराहनीय व अभिनन्दनीय हैं। यह अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणा भी है।

जब हम धर्म की बात करते हैं तब भारतीय मनीषा ने इसे केवल एक उपासना विधि या पूजा पद्धति नहीं माना है। इसका सम्बन्ध कर्तव्य, सदाचार, अनुशासन से जोड़ा है। आत्मानुशासन के बिना मनुष्य और पशु में कोई अंतर नहीं। अगर हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं, तो फिर हमें धार्मिक कहलाने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए। अगर हम सच्चे धार्मिक हैं, तो स्वयं के प्रति, समाज व राष्ट्र के प्रति ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। यदि हम ऐसा कर रहे हैं तो अपने धर्म का सही मायने में पालन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी कहते थे कि वे लोग ही जीवित हैं, जो औरों के लिए जीते हैं। शास्त्रों में भी कहा गया है कि, जो भगवान के भक्तों की सेवा करता है, वहीं भगवान का सर्वश्रेष्ठ भक्त है। ब्रज के रज-रज में कृष्ण का वास माना गया है। वृन्दावन की पावन भूमि पर देश और दुनिया के श्रद्धालु जिस रूप में आते हैं, अभिभूत करने वाला है। आज पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, गोवा से आगे निकल चुका है। गोवा में इस बार 80 लाख पर्यटक पहुंचे।

वहीं काशी में 07 करोड़ और ब्रज क्षेत्र में 06 करोड़ पर्यटकों/श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। इससे सिद्ध होता है कि लोगों में धर्म का भाव आया है और अब लोग धर्म के साथ जुड़ना चाहते हैं। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल, वृन्दावन में लोकार्पित पी0ई0टी0 सी0टी0 स्कैन मशीन का अवलोकन किया तथा मशीन ऑपरेटिंग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम चैरिटेबल हॉस्पिटल के सह महासचिव स्वामी तत्वविदानन्द महाराज, सचिव स्वामी सुप्रकाशानन्द महाराज, सह सचिव स्वामी कालीकृष्णनन्द महाराज, कोटक महिन्द्रा बैंक के सीनियर एजीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेन्ट आर0 वर्धाराजन एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।