दिल्ली के 72 लाख गरीबों को 2 महीने का मुफ्त राशन ऑटो-रिक्शा चालकों को 5 हजार रु. की मदद

National

(www.arya-tv.com)दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों के लिए मुफ्त राशन के साथ आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार 72 लाख राशन कार्ड धारियों को 2 महीने का फ्री देगी। इसके अलावा आटो-रिक्शा चलाने वालों को 5 हजार रुपए की आर्थिक मदद अलग से दी जाएगी। इससे लॉकडाउन के इस कठिन समय में गरीबों को मदद मिलेगी। केजरीवाल ने कहा कि दो महीने का राशन देने का मतलब ये नहीं है कि लॉकडाउन भी दो महीने तक चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन लगाना जरूरी था। हमारी सरकार जानती है कि इसका लोगों पर बुरा असर पड़ सकता है। रोजाना मेहनत-मजदूरी करके कमाने वाले इससे काफी परेशान हो रहे हैं। इसलिए हमने उनकी मदद करने का फैसला लिया है।

एक सप्ताह पहले मजदूरों को दी थी राहत
इससे पहले दिल्ली सरकार ने पिछले सप्ताह कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले मजदूरों को 5 हजार रुपए देने का वादा किया था। सरकार ने कहा था कि दिल्ली में रजिस्टर्ड मजदूरों की सरकार मदद करेगी। इस योजना के तहत 2 लाख 10 हजार 648 मजदूरों को लाभ मिलेगा। इस दौरान दिल्ली सरकार ने 52 करोड़ 88 लाख रुपए भी अलॉट किए थे।

पिछले 24 घंटे में 448 लोगों की मौत
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को 18,043 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 20,293 लोग ठीक हुए और 448 की मौत हो गई। अब तक 11 लाख 94 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 85 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,414 मरीजों की मौत हो चुकी है। 89,592 का इलाज चल रहा है।