कानपुर में दो दिनों तक छाए रहेंगे बादल, रुक-रुककर बारिश होने के आसार

Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) हिमालय के पास पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी दो दिन तक और रहने की संभावना है। इसके चलते आसमान पर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बूंदाबांदी या बारिश भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है और शहर के बाहरी इलाकों में घना कोहरा भी पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने मौसम का यही पूर्वानुमान लगाया है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक 25 जनवरी के बाद बादलों का छंटना शुरू होगा और तब रात का तापमान तेजी से गिरेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए हैं। इसके कारण 24 जनवरी को भी गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में कानपुर मंडल के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों व गुजरात में बारिश हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ की एक श्रृंखला ने राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित किया है। इसके चलते हवा की दिशा उत्तर पश्चिम से दक्षिण पश्चिम में तब्दील हो गई है। अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण बादल छाए रहेंगे। इसके कारण अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं पड़ेगा। 25 जनवरी के बाद जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ दूर होगा, तब यूपी, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं का असर फिर से शुरू हो जाएगा।

इससे न्यूनतम तापमान गिरेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 25 जनवरी के बाद किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय तक आने की उम्मीद नहीं है। इसलिए आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी। ऐसे में देर रात से लेकर सुबह तक शीतलहर और गलन बढ़ेगी और घना कोहरा पड़ सकता है।