चीन में बाढ़ से तबाही:24 घंटे में 18 इंच बारिश हुई, 12 लोगों की जान गई

International

(www.arya-tv.com)चीन के हेनान राज्य में भारी बारिश से बाढ़ आ गई है, जिसकी चपेट में आकर 12 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 2 लाख लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। झेंग्झो शहर में मंगलवार शाम 5 बजे तक 24 घंटों में रिकॉर्ड 457.5 मिलीमीटर (18 इंच) बारिश हुई। भारी बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में बिजली चली गई। सड़कें पानी में डूब गई हैं। यह शहर दुनिया में एप्पल आईफोन के प्रोडक्शन का सबसे बड़ा बेस है।

झेंग्झौ रेलवे स्टेशन पर 160 से अधिक ट्रेनें रोकी गईं। यहां के हवाई अड्डे पर शहर आने-जाने वाली 260 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बाढ़ के चलते 80 से अधिक बसों की सेवाएं रद्द कर दी गईं। 100 से अधिक बसों के रास्ते बदले गए। सबवे सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद की गईं।

सबवे सुरंग में पानी घुसने से ट्रेन में कई यात्री फंसे
बारिश का पानी शहर की लाइन फाइव की सबवे सुरंग में चला गया, जिससे एक ट्रेन में कई यात्री फंस गए। पुलिस अधिकारी, दमकलकर्मी और अन्य स्थानीय उप जिला कर्मी मौके पर बचाव के काम में जुटे हैं। सबवे का पानी कम हो रहा है और यात्री सुरक्षित हैं।

बाढ़ से फूड सप्लाई में रुकावट
हेनान की फैक्ट्री एक दिन में 5 लाख आईफोन बना सकती है। लोकल लोग इसे आईफोन सिटी कहते हैं। कंपनी हालात पर नजर बनाए हुए है। हेनान चीन का दूसरा सबसे बड़ा फूड सप्लायर शहर भी है। ऐसे में फूड सप्लाई में भी रुकावट आई है। यहां देश की गेंहू की फसल का करीब एक चौथाई हिस्सा उगाया जाता है। साथ ही यह फ्रोजेन फूड प्रोडक्शन का बड़ा सेंटर है। यहां से कोयले और मेटल्स की भी सप्लाई होती है।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ को बेहद गंभीर बताया
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ को बेहद गंभीर बताया है। स्टेट मीडिया में शी के हवाले से कहा गया कि कुछ डैम्स के बांध टूट गए हैं। लोग घायल हुए हैं। जान-माल का नुकसान पहुंचा है। बाढ़ ने हालात को गंभीर बना दिया है। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव से जुड़े काम तेज करने के लिए कहा है।