Budaun News : कागज की गड्डी पर 500 का नोट लगाकर टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का खुलासा, 2 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार

# ## UP

उझानी पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह की दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को उझानी में रेलवे स्टेशन के खंडहर से गिरफ्तार किया। उनके पास से टप्पेबाजी किया गया सामान, तमंचा, चाकू आदि बरामद हुआ। वह कागज की गड्डी बनाकर ऊपर 500 रुपये का नोट लगाकर बुजुर्ग महिलाओं से टप्पेबाजी करते थे। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया है। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता करके आरोपियों की जानकारी दी।

जिले में कुछ समय से टप्पेबाजी की घटनाएं बढ़ गई थीं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खंडहर से पांच लोगों को पकड़ा। जिन्होंने अपना नाम फिरोजाबाद के इंद्रानगर की रैल की पुलिया कैंची गली निवासी केशू पुत्र सेवाराम, आगरा के थाना सिकंदरा के आवास विकास कॉलोनी निवासी रवि गहलौत पुत्र सतरू, उसकी पत्नी सपना, बेटे कृष्णा और जिला लखनऊ के अमौसी के कानपुर रोड स्थित अवध बिहार कॉलोनी निवासी रामलि पत्नी डाकुर को गिरफ्तार किया। केशू के पास से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, धोखाधड़ी के लिए रखी गई गड्डी, चेन और रवि के पास से अवैध चाकू, थैले में कपड़े से सिली एक गड्डी, पांच सिक्के और कृष्णा व सपना के पास से ऊपर 500 रुपये का नोट लगी एक गड्डियां, मंगलसूत्र, मोतियों की माला के अलावा रामलि से दो जोड़ी टॉप्स, अंगूठी, दो मंगलसूत्र, मोतियों की माला बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह घूम-घूमकर टप्पेबाजी करते हैं। कागज की गड्डियां बनाकर उनके ऊपर 500 रुपये के नोट लगाते थे जबकि भीतर कागज के टुकड़े रहते थे। वह आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को अपनी बातों में फंसा लेते थे। बहला फुसलाकर उनके कानों के कुंडल, सोने की चेन उतरवा लेते थे। इन आभूषणों को राह चलते लोगों को बेच देते थे। लोगों को डराने और धमकाने के लिए वह तमंचा व कारतूस भी रखते थे। केशू पर पहले भी सिविल लाइन, कुंवरगांव, उझानी में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिव कुमार मलिक के साथ उपनिरीक्षक सुरेश पाल सिंह, सिपाही अंकुश कुमार, भूपेंद्र, शैलेष कुमार, प्रीतोष कुमार, हिमांशु सिरोही, प्रशांत धामा, प्रशांत कुमार, जुबैन खान, सुजाता, तनु रहे।