एक पति के लिए भिड़ी दो पत्नियां, युवक को छुड़ाने चौकी पहुंचीं महिलाएं

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com)  मेरठ में एक पति के लिए दो पत्नियां पुलिस चौकी के सामने ही भिड़ गईं। दोनों अपने पति को छुड़ाने के लिए चौकी पहुंची थीं। तभी दोनों का आमना-सामना हुआ और पति की दो शादी का खुलासा हुआ। इसके बाद पति पर अपना हक जताने को लेकर दोनों में जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे को पटक-पटक कर पीटने लगीं। आस-पास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे। मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित पिल्लोखड़ी चौकी का है।

पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों महिलाओं को एक दूसरे से अलग कराया। इसके बाद दोनों महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दरअसल, ​​​​​​पिल्लोखड़ी चौकी पुलिस ने सोमवार देर रात नशे का कारोबार करने के मामले में साजिद को गिरफ्तार किया था।​​​​​​ मामले की जानकारी मिलने पर साजिद की पत्नी फराह साजिद को छुड़ाने के लिए चौकी पहुंच गई। इसी दौरान दूसरी पत्नी निशा भी साजिद को छुड़ाने वहां पहुंची।

मोबाइल के चलते पति की 2 शादी का खुलासा हुआ
श्यामनगर निवासी साजिद की दो शादी की जानकारी उनकी दोनों पत्नियों को नहीं थी। साजिद ने पत्नी निशा का मोबाइल पहली पत्नी फराह को दे दिया था। जब निशा पुलिस चौकी पहुंची तो उसने फराह के हाथ में अपना मोबाइल देखा। निशा ने जब फराह से मोबाइल के बारे में पूछा तब जाकर पति की दो शादी का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों महिलाओं में जमकर मारपीट होने लगी।

9 बच्चों का पिता है साजिद
साजिद ने पहली पत्नी फराह से आठ साल पहले शादी की थी। फराह से उसके 7 बच्चे हैं। वहीं, उसने दूसरी शादी लॉकडाउन के दौरान निशा से की थी। उससे दो बच्चे हैं। दोनों पत्नियां अलग-अलग रहती थीं। साजिद ने दूसरी शादी की बात पहली पत्नी से छिपाई थी।

साजिद को जेल भेजने की तैयारी
चौकी इंचार्ज पिल्लोखड़ी रंजीत सिंह का कहना है कि सोमवार देर रात साजिद नाम के युवक को हिरासत में लिया था। आरोपी साजिद नशे के कारोबार में शामिल है। आरोपी की दो पत्नियां हैं। वह उस पर अपना हक जताने के लिए पुलिस चौकी के सामने भिड़ गईं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।