फ्लॉप होने पर भी घाटे में नहीं होती फिल्में:ना प्रोड्यूसर को नुकसान और ना एक्टर्स को

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)   कभी आपने सोचा है इस साल एक के बाद एक बॉलीवुड की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी हैं लेकिन उतनी ही फिल्मों के अनाउंसमेंट हर महीने हो रहे हैं और फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। लेकिन, मजेदार बात ये है कि फ्लॉप फिल्में भी घाटे में नहीं होतीं। ये कैसे होता है? /’

आज हम आपको बॉलीवुड के बिजनेस की पूरी स्ट्रेटजी बताएंगे। फिल्म बनने के बाद थिएटर में आने तक कितने लोगों से गुजरती है। कमाई में किसका, कितना हिस्सा होता है।

फिल्म ने कितना कलेक्शन किया है, इसी के आधार पर फिल्म के हिट या फ्लॉप होने का फैसला होता है, पर फ्लॉप फिल्में भी इन्वेस्ट की गई रकम को रिकवर कर लेती हैं।  फ्लॉप फिल्में प्रीसेल्स के जरिए कमाई करती हैं। दरअसल प्रोड्यूसर रिलीज के पहले फिल्मों के राइट्स बेच देते हैं। फिल्में अपनी कमाई म्यूजिक राइट्स, OTT प्लेटफॉर्म राइट्स, सैटेलाइट राइट्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स राइट्स से करती हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म शमशेरा बाॅक्स आफिस पर बुरी तरह पिट गई थी, पर रिलीज के पहले ही प्रोडक्शन हाउस ने प्री सेल के जरिए अपना इन्वेस्टमेंट रिकवर कर लिया था।

एक्टर, प्रोड्यूसर से ज्यादा क्या डिस्ट्रीब्यूटर्स को नुकसान होता है?

 फ्लॉप फिल्मों का नुकसान एक्टर, प्रोड्यूसर को नहीं बल्कि डिस्ट्रीब्यूटर्स को उठाना पड़ता है। जो लोग रिलीज से पहले फिल्मों के तमाम राइट्स खरीद लेते हैं, उनको पिटी हुई फिल्मों का नुकसान झेलना पड़ता है।

फिल्म 2 तरह से बिकती हैं। पहला होता है एडवांस, दूसरा MG यानी की मिनिमम गारंटी।

फिल्में कैसे एडवांस में डिस्ट्रीब्यूटर्स को बेची जाती हैं, इसको एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी फिल्म का डिस्ट्रीब्यूटर प्रोड्यूसर को 15 करोड़ रुपए देता है। इसके बाद अगर फिल्म सिर्फ 10 करोड़ रुपए की कमाई कर पाती है, तो प्रोड्यूसर को 5 करोड़ रुपए डिस्ट्रीब्यूटर को वापस करने होंगे।

अगर फिल्में MG यानी मिनिमम गारंटी पर बिकती हैं तो ही डिस्ट्रीब्यूटर्स को फ्लॉप फिल्मों का नुकसान उठाना पड़ता है। इसका मतलब होता है कि वो रकम जो डिस्ट्रीब्यूटर प्रोड्यूसर को फिल्म रिलीज से पहले ही देता है। इसके बाद फिल्म अगर फ्लॉप होती है तो भी तय की हुई रकम का भुगतान डिस्ट्रीब्यूटर को ही करना पड़ता है।

किस आधार पर डिस्ट्रीब्यूटर फिल्मों को खरीदते हैं?

 फिल्म रिलीज होने से पहले डिस्ट्रीब्यूटर को दिखाई जाती हैं। फिल्म देखने के बाद ही डिस्ट्रीब्यूटर इसे खरीदने का रेट तय करते हैं। फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर को जितना पसंद आती है, उसी के हिसाब से वो फिल्मों पर करोड़ों रुपए खर्च करते हैं। इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटर्स प्रोडक्शन हाउस, प्रोड्यूसर कौन है, ये सारी चीजें भी देख कर फिल्मों को खरीदता है।

फिल्मों में स्टार कास्ट का क्या रोल होता है?

फिल्म हिट होगी या फ्लॉप, ये सारी चीजें स्टार कास्ट पर डिपेंड करती हैं। बॉलीवुड में आज कल ये ट्रेंड है कि स्टार कास्ट से ज्यादा फिल्म की कहानी पर फोकस किया जा रहा है। हालांकि स्टार कास्ट से फिल्मों को बज मिल जाता है। बड़े स्टार के कारण डिस्ट्रीब्यूटर्स भी खिंचे चले आते हैं।

टिकट से फिल्म की कमाई कैसे होती है?

 जब फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर को बेच दी जाती है, तो उसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर, सब-डिस्ट्रीब्यूटर को फिल्म बेच देते हैं। इसके बाद वो सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स अपने इलाके के थिएटर मालिकों को फिल्म के प्रिंट दे देते हैं। जब फिल्म थिएटर में रिलीज होती है तो जो टिकट की बिक्री से कमाई होती है, उसे ही फिल्म का टोटल कलेक्शन कहा जाता है। उसके बाद जो कमाई टिकट से होती है, उसको डिस्ट्रीब्यूटर और थिएटर के मैनेजर पहले हुए एग्रीमेंट के आधार पर आपस में बांट लेते हैं।

रीमेक राइट्स और सिंडिकेशन राइट्स से फिल्मों की कमाई कैसे होती है?

 ओवरसीज कमाई के अलावा फिल्में रीमेक और सिंडिकेशन राइट्स से भी अच्छी कमाई करती हैं। सबसे पहले जान लेते हैं कि सिंडिकेशन राइट्स क्या होता है?

ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो के राइट्स को बेचकर जो कमाई होती है, वो सिंडिकेट राइट्स का हिस्सा होती है। इसके अलावा सैटेलाइट राइट्स भी सिंडिकेशन का हिस्सा होती है, जैसे कि स्टार गोल्ड, सेट मैक्स पर फिल्मों को बेचकर कमाई की जाती है। यूट्यूब चैनल भी सिंडिकेशन कमाई का एक बड़ा जरिया है। म्यूजिक राइट्स भी सिंडिकेशन राइट्स का एक बड़ा हिस्सा होती है।

डिस्ट्रीब्यूटर्स को नुकसान और भरपाई का हिसाब कैसे लगाया जाता है?

डिस्ट्रीब्यूटर का फायदा/नुकसान = फिल्म खरीदने का खर्च- डिस्ट्रीब्यूटर का खर्चा

अब चलिए इसको एक उदाहरण से समझते हैं-

मान लीजिए एक मल्टीप्लेक्स में एक टिकट की कीमत 200 रुपए है और पूरे वीक में कुल 100 लोगों ने फिल्म देखी और फिल्म के 100 शो थिएटर में चले हैं।

इस हिसाब से पूरे वीक का कुल कलेक्शन इस प्रकार होगा- 200 x 100 x 100 = 20 लाख

इसके बाद अगर एंटरटेनमेंट टैक्स काट लिया जाए, जो कि 30% के दर से 6 लाख रुपए है, तो थिएटर मालिक के पास बची हुई रकम 14 लाख होगी।

एग्रीमेंट के अनुसार, थिएटर मालिक डिस्ट्रीब्यूटर को 50 फीसदी हिस्सा देगा यानी रु. 7 लाख रुपए। इसका मतलब कि डिस्ट्रीब्यूटर को पहले वीक में 7 लाख रुपए की कमाई हुई।

दूसरे वीक का कुल कलेक्शन= 200 x 80 x 100 = 16 लाख। एंटरटेनमेंट टैक्स की कटौती के बाद थिएटर मालिक के पास कमाई का कुल हिस्सा= 1600000 – 480000 = 11 लाख 20 हजार

दूसरे वीक में डिस्ट्रीब्यूटर का कुल हिस्सा= 11 लाख 20 हजार का 42 % = 4 लाख 70 हजार 400

तीसरे वीक में डिस्ट्रीब्यूटर का कुल हिस्सा= 4 लाख 70 हजार 400 का 30 % होगा।

इसी तरह की वितरण नीति सिंगल स्क्रीन पर भी लागू होती है, पर डिस्ट्रीब्यूटर को कुल कमाई का 70-80 प्रतिशत हिस्सा जाता है।