ट्रैक्टर रैली निकालकर किसान आंदोलन का जवाब देगी भाजपा, जानिए ​कैसे

# ## Gorakhpur Zone

गोरखपुर (www.arya-tv.com) विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीते दिनों हुए किसान आंदोलन आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा के किसान मोर्चा ने प्रदेश भर में किसान ट्रैक्टर रैली के आयोजन की तैयारी की है। रैली की शुरुआत 16 नवंबर से होगी। सिलसिला 30 जनवरी तक चलेगा। पखवारे भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत हर जिले में रैली का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

मऊ से होगी शुरुआत

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसकी शुरुआत मऊ जिले से हो रही है। 16 नवंबर को आयोजित मऊ की रैली में वह खुद भी मौजूद रहेंगे। 25 नवंबर को देवरिया, 27 को गौतमबुद्ध् नगर और 28 नवंबर को वाराणसी की रैली भी निर्धारित हो गई है। जल्द ही अन्य जिलों के आयोजन तिथि भी जारी कर दी जाएगी। इन रैलियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का समय लिया जा रहा है।

रैल‍ियों में सांसद, व‍िधायक भी रहेंगे मौजूद

सभी रैलियों में स्थानीय सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। हर रैली में न्यूनतम 250 और अधिकतम 400 ट्रैक्टर की मौजदूगी सुनिश्चित की जाएगी। जिले के आसपास के 20 किलोमीटर क्षेत्र से किसानों को आमंत्रित किया जा रहा है। कामेश्वर सिंह ने कहा कि ट्रैक्टर किसानों के उन्नति, प्रगति एवं उत्थान का प्रतीक है। इसलिए किसान ट्रैक्टर रैली निकालने का निर्णय लिया गया।

रैली में किसानों को बताया जाएगा कि मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार ने किसानों के हित में जितने निर्णय लिए गए उतने किसी सरकार ने नहीं लिए। इस दौरान किसानों को नए कृषि कानून की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे संगठनों की सच्चाई बताएगी ताकि किसानों के बीच नए कृषि कानूनों का भ्रम दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि किसान मोर्चा दिसंबर तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मेलन भी आयोजित कर रही है।

सलमान खुर्शीद जैसे नेताओं की वजह से गर्त में जा रही कांग्रेस

भाजपा किसान मोर्चा की ओर से ट्रैक्टर रैली के आयोजन को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कामेश्वर सिंह ने एक सवाल के जबाव में कहा कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी किताब में हिंदुत्व पर टिप्पणी की है। उनके जैसे नेताओं की वजह से ही कांग्रेस गर्त में जा रही है। देश की आत्मा में हिंदुत्व रचा और बसा है। यही वजह है तमाम विदेशी आक्रांताओं के प्रयास के बाद भी भारत की सभ्यता और संस्कृति पर कोई असर नहीं पड़ा बल्कि वह खुद ही नष्ट हो गए।