विधानसभा चुनाव 2022 : गठबंधन की गणित में अटकी भाजपा के दावेदारों की सांस, जानें कौन मार रहा है बाजी

Gorakhpur Zone UP

(www.arya-tv.com) टिकट को लेकर भाजपा में इन दिनों पर जमकर घमासान मचा हुआ है। घमासान की एक बड़ी वजह पार्टी का अन्य दलों से गठबंधन है। इसके चलते नए दावेदारों के साथ-साथ वर्तमान विधायक भी टिकट की दौड़ में खुद को असुरक्षित पा रहे हैं। उनकी सांस भी उसी तरह अटकी है, जैसे की अन्य दावेदारों की। उन्हें यह भय सता रहा है कि कहीं वह गठबंधन की बलि न चढ़ जाएं। इस भय से कुछ विधायकों के गठबंधन वाले दलों से जुड़कर खुद को सुरक्षित करने की बात भी सामने आने लगी है।

संजय निषाद ने पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के सभी जिलों में मांगी एक-एक सीट

निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद ने भाजपा से पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से कम से कम एक सीट मांगी है। गोरखपुर ग्रामीण सीट को लेकर तो प्रतिष्ठा तक लगा दी है। संजय इस सीट अपने बेटे श्रवण निषाद को प्रत्याशी बनाना चाह रहे हैं। श्रवण के मुताबिक इस सीट को लेकर उन्हें भाजपा नेतृत्व से आश्वासन मिल चुका है। हालांकि भाजपा की ओर से इसे लेकर स्पष्ट घोषणा न होने से असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है। ऐसे में वर्तमान विधायक विपिन सिंह हर स्तर पर अपनी चुनावी गणित बैठाने में लगे हुए हैं।