आशीष विद्यार्थी को सुनने पड़ रहे ताने:कहा- क्या उम्रदराज लोगों को खुश होने का अधिकार नहीं

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)  एक्टर आशीष विद्यार्थी इन दिनों अपनी दूसरी शादी की वजह से सुर्खियों में हैं। उन्होंने 57 साल की उम्र में फैशन डिजाइनर और बिजनेस वुमेन रुपाली बरुआ से शादी की है। इस उम्र में शादी करने की वजह से उन्हें ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ रहा है।

आशीष ने कहा उन्हें बुड्ढा खूसट और न जाने क्या-क्या कहा गया। आशीष ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें कह रहे हैं क्या वे कभी बुड्ढे नहीं होंगे। आशीष ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की उम्र ज्यादा है तो क्या उसे खुश होने का अधिकार नहीं है।

आशीष को सुनने पड़े अपमानजनक शब्द
आशीष ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा- मैंने अपने बारे में कई अपमानजनक शब्द सुने। मजे की बात ये है कि जो लोग मेरे खिलाफ ऐसी टिप्पणी कर रहे हैं, वो भी एक दिन जरूर इस अवस्था में आएंगे।

अगर किसी व्यक्ति की उम्र ज्यादा है तो क्या उसे दुखी होकर मर जाना चाहिए। क्या एक बुजुर्ग व्यक्ति को खुश होने का अधिकार नहीं है। क्या एक उम्रदराज आदमी नहीं चाहता कि उसके साथ रहने वाला कोई हो।

लोगों के कमेंट्स देखकर शॉक्ड हूं
आशीष ने आगे कहा- हम लोगों के लिए कौन सी दीवार खड़ी कर रहे हैं। कानून को मानने वाला एक इंसान, जो अपना टैक्स समय पर देता है। जो पैसे कमाने के लिए कड़ी मेहनत करता है। अगर वो इंसान कानूनी रूप से शादी कर रहा है तो इसमें लोगों को दिक्कत क्या है।

ये एक ऐसी चीज है कि जिसमें हम लोगों को एक दूसरे को सपोर्ट करना चाहिए न कि उन्हें गिराना चाहिए। मैंने पूरा जीवन मूल्यों पर जिया है। आज जब लोग मेरे खिलाफ कमेंट कर रहे हैं, तो मुझे काफी ताज्जुब हो रहा है।

आशीष यहां ये कहना चाह रहे हैं कि उन्होंने पूरी लाइफ बिना किसी कॉन्ट्रोवर्सी के बिताई है। उन्होंने पैसे कमाने के लिए कड़ी मेहनत की है। सरकार को अपने हिस्से का टैक्स भी देते हैं। आज जब उन्होंने अपनी खुशी के लिए एक व्यक्तिगत फैसला किया तो लोग उसमें भी बेमतलब की टिप्पणी कर रहे हैं।

रुपाली ने पांच साल पहले अपना पति खोया, हम मिले तो साथ रहने की संभावना जगी
द टेलीग्राफ को दिए इंटरव्यू में आशीष ने बताया कि रुपाली ने पांच साल पहले अपने पति को खो दिया था। उन्होंने दोबारा शादी करने के बारे में नहीं सोचा था। लेकिन जब उनकी और मेरी बात हुई तो एक संभावना जगी। वे 50 साल की हैं और मैं 57 वर्ष का हूं। हम दोनों को खुश रहने का हक है।