पंचायतों की आरक्षण सूची जारी होते ही बढ़े मुर्गों के भाव, प्रत्याशियों ने बोली बताई ये बात

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की आरक्षण सूची जारी होते ही मुर्गे के थोक दामों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। पोल्ट्री फार्मों के नोडल अधिकारी के मुताबिक बर्ड फ्लू के डर से जो मुर्गा थोक में 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा था, वह अब 90 रुपये हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गे की मांग बढ़ी है।

जिले में 20 हजार पोल्ट्री फार्म हैं। इनमें लगभग 25 लाख चूजा डाला जाता है। 40 दिनों में चूजे दो से ढाई किलोग्राम के मुर्गे हो जाते हैं। पिछले महीने बर्ड फ्लू की अफवाह फैली तो पोल्ट्री फार्म वालों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। मुर्गों को 40 रुपये प्रति किलोग्राम बेचना पड़ा है। अब पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है।

आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होने के साथ ही दावतों का दौर शुरू हो गया। इसका असर मुर्गों के दाम पर पड़ा है। इस उद्योग से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही मुर्गों की मांग और बढ़ेगी। साथ ही दाम में और तेजी आ सकती है।

गगहा ब्लॉक के एक गांव में मुर्गे की दावत देने की होड़ मची है। इस ग्राम पंचायत में पांच हजार से अधिक मतदाता हैं। जानकारी के मुताबिक गांव के पूर्व प्रधान ने कुछ रोज पहले एक क्विंटल मुर्गे का मीट बंटवाए। इससे दूसरा खेमा चौकन्ना हो गया। दूसरे खेमे के निवर्तमान प्रधान ने 16 क्विंटल मुर्गे का मीट बंटवा दिए। कोई ऐसा घर नहीं बचा, जिसके यहां मुर्गे की दावत न हुई हो। यह सिलसिला जारी है।