अजरबैजान ने संघर्ष विराम लागू करने के चार मिनट के भीतर ही तोप के गोले और रॉकेट दागे

International

  (www.arya-tv.com)आर्मेनिया और अजरबैजान ने रविवार को विवादित इलाके नागोर्नो काराबाख में एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया। शनिवार रात 12 बजे से दोनों देश नागोर्नो-काराबाख क्षेत्र में संघर्ष विराम लागू करने के लिए तैयार हुए थे। बीबीसी के मुताबिक, आर्मेनियाई रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि अजरबैजान ने शनिवार रात 12 बजे संघर्ष विराम लागू होने के चार मिनट बाद ही तोप के गोले और रॉकेट दागे।

मंत्रालय की प्रवक्ता शुशन स्टीफन ने ट्वीट किया- हमारे दुश्मन ने उत्तर की ओर 12.04 से 2.45 बजे (स्थानीय समय) तक तोप के गोले दागे और दक्षिणी दिशा में 2.20-2.45 बजे तक रॉकेट दागे। अजरबैजान ने रविवार सुबह नागोर्नो-करबाख के दक्षिण में हमला किया। दोनों ओर के लोग मारे गए हैं।

शनिवार को अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने आर्मेनिया पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने अजरबैजान में दो हजार से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचाया है।

नागोर्नो काराबाख को लेकर जंग जारी

पिछले महीने से ही विवादित क्षेत्र को लेकर दोनों देशों में लड़ाई जारी है। कई देश नागोर्नो काराबाख को अजरबैजान का हिस्सा मानते हैं, जबकि इस पर आर्मेनियाई लोगों का कब्जा है। इस जंग में दोनों ओर से अब तक छह सौ से ज्यादा जानें जा चुकी हैं।