Amethi News: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर समेत चार गोकश गिरफ्तार, एक घायल, भारी मात्रा में असलहा और उपकरण बरामद

# ## Lucknow

जनपद अमेठी में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना जामो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से तमंचा, कारतूस, चाकू सहित गोकशी में प्रयुक्त होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार सोमवार को संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पूरे दृगपाल के पास गड्ढे में कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जबकि तीन अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी फरार होने में सफल रहा।

घायल आरोपी की पहचान मो. मोसिन पुत्र मेहबुल्ला निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मो. मोनू उर्फ असरफ, मो. आमिर तथा राम हृदय शामिल हैं। दोनों आरोपियों के पास से एक-एक चाकू बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से पांच प्लास्टिक के चटाईनुमा बोरे, तीन रस्सियां, एक लकड़ी का ठीहा, एक पेंचकश, एक काली तिरपालनुमा पन्नी और एक टॉर्च भी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका फरार साथी राजेश गोवंशीय पशुओं को एकत्रित करता था और गोकशी के लिए उन्हें बुलाता था। गोकशी के बाद मांस को आसपास के जिलों में बेचा जाता था, जबकि बड़े गोवंशीय पशुओं को बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड भेजा जाता था।

पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी मो. मोसिन थाना बंधुआकला का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध अमेठी और सुलतानपुर जनपद में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा हत्या के प्रयास सहित कुल चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। थाना जामो पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।