अबकी बार भाजपा जाएगी तो फिर कभी नहीं आएगी…अखिलेश ने रायबरेली-संतकबीर नगर मामले पर सरकार को घेरा

# ## UP

संत कबीर नगर में सपा सांसद पर पथराव और रायबरेली जिले के विधायक राहुल लोधी और पुलिस के बीच हुए विवाद पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार-भाजपा पर साधा निशाना है. उन्होंने कहा, “कभी लोधी समाज तो कभी निषाद समाज के नेताओं और जन प्रतिनिधियों को निशाना बनाकर भाजपाई और उनकी भाजपा सरकार शक्ति के बल पर पीडीए समाज को डराना-धमकाना चाहती है.”

अखिलेश ने कहा, “भाजपा 2024 के लोकसभा में हुई महा हार की हताशा से उबरने के लिए लोकतांत्रिक की जगह लठतांत्रिक तरीके अपनाना चाहती है. भाजपा की नकारात्मक राजनीति अब और नहीं चलेगी.

‘भाजपा जाएगी तो कभी वापस नहीं आएगी’

अखिलेश ने कहा, “अबकी बार भाजपा जाएगी तो फिर कभी नहीं आएगी. अब इनकी काठ की हांडी भी जलकर राख हो चुकी है और सामाजिक बंटवारे की राजनीति की आंच भी. अब तो ये लूट-खसोट से कमाई गई लूट की राशि को आपस में बांटने के चक्कर में एक-दूसरे के भ्रष्टाचार व बेईमानी के राज-रहस्य उजागर करने में लगे हैं.

अखिलेश ने कहा, “राम मंदिर की चोरी व पूज्य शंकराचार्य जी पर किये गये प्रहार और उन पर लगाए गये निकृष्ट आरोपों ने अधार्मिक भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की पोल जिस तरह खोलकर रख दी है उससे सनातन समाज पूरी तरह से भाजपा के विरुद्ध हो गया है. इसीलिए भाजपाई साम्प्रदायिक राजनीति का भी अंत हो गया है.”

उन्होंने कहा, “हम सामाजिक न्याय का राज लाकर बंधुराष्ट्र बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं. इससे नई सोच जन्म लेगी और युवाओं की पॉजिटिव थिंकिंग पर आधारित प्रोग्रेसिव Neo-India बनेगा जिसमें कोई पीड़ित, दुखी, अपमानित नहीं होगा. हर समाज के निर्बल, शोषित, वंचित और उत्पीड़ित को समानता के आधार पर फलने-फूलने का अवसर मिलेगा.”

क्या है मामला?

रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी पार्टी (SP) के छात्र संगठन ‘समाजवादी छात्र सभा’ और RSS के छात्र संगठन ‘ABVP’ के कार्यकर्ताओं के बीच एक जागरूकता अभियान के दौरान बहस और झड़प हो गई. इस झड़प के विरोध में समाजवादी पार्टी के रायबरेली जिला अध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्ट्रेट के दफ्तरों तक विरोध मार्च निकाला.