- ‘नेट ज़ीरो 2040’ और ‘एनवायरमेंट वॉरियर’ अभियान को मिल रही जनभागीदारी की ताकत
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में संचालित ‘नेट ज़ीरो 2040’ एवं ‘एनवायरमेंट वॉरियर’ अभियान अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता को एक सूत्र में पिरोते हुए क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें धार्मिक स्थलों पर पौध वितरण, मेधावी छात्र सम्मान, नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाना तथा जरूरतमंदों की सेवा जैसे कार्य शामिल रहे।
- पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का संकल्प
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर में ‘एनवायरमेंट वॉरियर’ तैयार करने का अभियान इसी सोच के साथ चलाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का दायित्व निभाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता। इसलिए समाज के हर वर्ग—युवा, विद्यार्थी, महिलाएं, धार्मिक संस्थाएं और सामाजिक संगठन—को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है।
- मंदिरों से दिया हरित भविष्य का संदेश
अभियान के अंतर्गत सरोजनीनगर मंडल के बादे खेड़ा स्थित शीतला माता मंदिर एवं लाला खेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में टीम राजेश्वर द्वारा श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री और पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।‘नेट ज़ीरो’ अभियान के तहत मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे समर्पित किए गए। उल्लेखनीय है कि इन दोनों धार्मिक स्थलों के विकास के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह पूर्व में क्रमशः 50 हजार और 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भी उपलब्ध करा चुके हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विवेक राजपूत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
- प्रतिभा सम्मान के साथ युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश
शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत हनुमानपुरी निवासी आयुष कुमार ओझा को हाईस्कूल परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण, विकसित भारत की दो मजबूत आधारशिलाएं हैं। उन्होंने युवाओं से नवाचार, ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
- विधायक कार्यालय से चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान
विधायक कार्यालय पर आने वाले नागरिकों को पौध वितरित कर ‘एनवायरमेंट वॉरियर’ बनने का संकल्प दिलाया गया। लोगों से आग्रह किया गया कि वे केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम” का संदेश देते हुए नागरिकों को हरित और कार्बन-न्यूट्रल भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
- माँ तारा शक्ति निःशुल्क रसोई से जरूरतमंदों को मिल रहा सहारा
डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में संचालित माँ तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के माध्यम से लोकबंधु अस्पताल और प्राग कार्यालय पर मरीजों, उनके परिजनों, राहगीरों एवं जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन वितरित किया गया। इस सेवा अभियान में मंडल महामंत्री नीरज शाह, श्याम त्रिपाठी तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यह सेवा कार्य प्रतिदिन निरंतर जारी है और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
- हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य की ओर सरोजनीनगर
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “सेवा, संस्कार और सतत विकास” ही विकसित समाज की पहचान हैं। ‘नेट ज़ीरो 2040’ एवं ‘एनवायरमेंट वॉरियर’ अभियान के माध्यम से सरोजनीनगर में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम” जैसे संदेशों के साथ टीम राजेश्वर आगे भी जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को निरंतर गति देती रहेगी।
