समाजवादी इत्र लॉन्च करने वाले पम्पी के ठिकानों पर पहुंची IT टीम, कन्नौज में घर और फैक्ट्री पर सर्च जारी

# ## UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक और इत्र व्यापारी के घर शुक्रवार को इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा है। व्यापारी का नाम पुष्पराज जैन पम्मी है। वो समाजवादी पार्टी से MLC भी हैं। उन्होंने 2022 के लिए 22 फूलों से बना समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। छापा अभी जारी है।

अखिलेश यादव के करीबी और पार्टी के बड़े फाइनेंसर 

पुष्पराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी और पार्टी के बड़े फाइनेंसर बताए जाते हैं। पीयूष जैन के यहां छापेमारी के बाद से ही पम्पी चर्चा में थे। उनका घर भी पीयूष जैन के घर से कुछ ही दूरी पर है। वह लगातार मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसके अलावा एक और इत्र कारोबारी मलिक मियां के ठिकानों पर भी कन्नौज में छापेमारी चल रही है।पिछली बार भी IT विभाग पुष्पराज के ठिकानों पर छापा मारने की तैयारी में था। टीम को P की तलाश थी, लेकिन इस P के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर ही टीम पीयूष जैन के घर पहुंच गई थी

मुंबई में  अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट से मिला पम्पी
पम्पी जैन के नजदीकियों ने बताया कि जिस दिन कानपुर में पीयूष जैन के यहां छापा पड़ा था। उसके अगले दिन ही पम्पी जैन मुंबई रवाना हो गया था। क्योंकि, उसे पूरी शंका थी कि उसके यहां भी आईटी की टीम पहुंच सकती है। बताया जा रहा है कि मुंबई में पम्पी अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट से मिला है।
चर्चा इस बात की भी है कि उसने अपनी जरूरी कागजों और नकदी से व्यवस्थित भी किया है। सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया कि आयकर टीम पम्पी जैन के घर ही छापा मारना था। लेकिन पी-कोडवर्ड के चलते आयकर अफसरों से गलती हुई और पीयूष जैन उसके शिकंजे में आ गया।

कुछ खास बरामदगी नहीं हो सकती
23 दिसंबर को पीयूष के ठिकानों पर छापा पड़ा। इसके बाद सपा का इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन पम्पी का नाम भी सामने आने लगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि 8 दिन बाद पुष्पराज जैन के घर छापे में कुछ खास बरामदगी नहीं हो सकती है। क्योंकि इन दिनों में कोई भी अपनी संपत्ति को ठिकाने लगा सकता है।

BJP ने अपने पीयूष जैन के घर छापा पड़वाया
पीयूष जैन के यहां छापेमारी के बाद भाजपा ने उन्हें सपा का बताया तो सपा ने भाजपा से नाता जोड़कर बताया। छापेमारी के बीच 28 दिसंबर को पीएम मोदी कानपुर में ही थे। यहां उन्होंने सपा पर निशाना साधा। बोले- जिन्होंने यूपी में भ्रष्टाचार का इत्र छिड़का था, आज वह सभी के सामने हैं। अब वे लोग क्रेडिट लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। थोड़ी ही देर में इस पर अखिलेश का पलटवार आया। उन्नाव से अखिलेश यादव ने कहा- BJP का असली निशाना पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन थे। हमारे एमएलसी पुष्पराज जैन ने समाजवादी पार्टी नाम से इत्र बनाया था। BJP ने अपने पीयूष जैन के घर छापा पड़वाया।